Thursday, 19 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports · उत्तर प्रदेश

Varanasi Cricket Stadium: ICC चेयरमैन जय शाह ने किया निरीक्षण, पिच से लेकर VIP गैलरी तक का लिया जायजा

INT News18 November 2026 at 10:12 pm

Varanasi Cricket Stadium: वाराणसी के गंजारी में बन रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के उद्घाटन की तैयारियां तेज हो गई हैं. बुधवार को आईसीसी चेयरमैन जय शाह और बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने स्टेडियम पहुंचकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने पिच, पवेलियन, वीआईपी गैलरी और दर्शक दीर्घा का जायजा लिया. साथ ही, कुछ कमियां मिलने पर अधिकारियों को उद्घाटन से पहले उन्हें दूर करने के निर्देश दिए.

आईसीसी चेयरमैन जय शाह और बीसीसीआई के उपाध्यक्ष एवं सांसद राजीव शुक्ला बुधवार शाम वाराणसी पहुंचे. एयरपोर्ट पर अधिकारियों ने उनका स्वागत किया. इसके बाद दोनों गंजारी स्थित निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पहुंचे. वाराणसी के मेयर अशोक तिवारी और प्रशासनिक व खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी इस दौरान मौजूद रहे.

पिच और दर्शक दीर्घा समेत इन सुविधाओं का लिया जायजा

स्टेडियम पहुंचने के बाद जय शाह और राजीव शुक्ला ने सबसे पहले मैदान और तैयार की गई पिचों का निरीक्षण किया. इसके बाद उन्होंने पवेलियन, वीआईपी गैलरी, दर्शक दीर्घा और खिलाड़ियों के लिए बनाई जा रही आधुनिक सुविधाओं को देखा. अधिकारियों ने उन्हें निर्माण कार्य की प्रगति और बाकी बचे कामों की जानकारी दी.

निरीक्षण के दौरान दोनों ने दर्शकों की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं पर भी ध्यान दिया. स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय मैचों की मेजबानी के लिए तैयार करने के लिहाज से जरूरी इंतजामों की समीक्षा की गई.

उद्घाटन से पहले कमियां दूर करने के निर्देश

स्टेडियम के निरीक्षण के दौरान कुछ कमियां सामने आईं. इस पर जय शाह और राजीव शुक्ला ने संबंधित अधिकारियों को समय रहते सुधार करने के निर्देश दिए. उन्होंने साफ कहा कि उद्घाटन से पहले सभी निर्माण कार्य और जरूरी व्यवस्थाएं तय मानकों के अनुरूप पूरी होनी चाहिए. अधिकारियों को स्टेडियम के फाइनल टच के साथ खिलाड़ियों और दर्शकों को मिलने वाली सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया. अब निर्माण कार्य पूरा होने और उद्घाटन की तैयारियों को अंतिम रूप देने पर जोर है.

ये भी पढ़ें: IND vs NZ: टेस्ट सीरीज शुरू होंने से पहले टीम इंडिया पर ICC ने ठोका फाइन, श्रेयस अय्यर की गलती पड़ी भारी

नौ पिचों पर तैयार किया गया क्रिकेट मैदान

स्टेडियम के मुख्य मैदान में कुल नौ पिचें बनाई गई हैं. इनमें चार पिच लाल मिट्टी, तीन काली मिट्टी और दो अलग-अलग मिट्टी मिलाकर तैयार की गई हैं. लाल मिट्टी महाराष्ट्र और काली मिट्टी ओडिशा से मंगाई गई है. इसके अलावा खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए अलग मैदान और नेट पिचें भी बनाई गई हैं. मैदान में पानी निकालने की आधुनिक व्यवस्था की गई है, जिससे बारिश के बाद खेल जल्द शुरू किया जा सकेगा.

खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों के लिए खास इंतजाम

स्टेडियम में खिलाड़ियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग सुविधाएं बनाई गई हैं. यहां ड्रेसिंग रूम, कपड़े बदलने के कमरे और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी. चोट लगने या अचानक तबीयत खराब होने पर प्राथमिक उपचार की व्यवस्था भी रहेगी. मैच अधिकारियों के लिए अलग स्थान बनाया गया है. इसके अलावा मैदान की देखरेख और संचालन से जुड़े कामों के लिए भी अलग कमरे तैयार किए गए हैं.

त्रिशूल जैसी लाइटों में होंगे रात के मुकाबले

स्टेडियम में चार बड़े फ्लडलाइट टावर लगाए गए हैं. इनकी ऊंचाई करीब 65 मीटर है और इन्हें भगवान शिव के त्रिशूल जैसा आकार दिया गया है. इन लाइटों की मदद से रात में भी पूरे मैदान में पर्याप्त रोशनी रहेगी. वहीं, दर्शकों के बैठने के लिए बनाई गई दीर्घा में गंगा घाटों की झलक देखने को मिलेगी. बाहरी हिस्से को बेलपत्र की आकृति वाली धातु की सजावट से सुंदर बनाया गया है. इससे यह स्टेडियम क्रिकेट के साथ काशी की संस्कृति को भी दर्शाएगा.

ये भी पढ़ें: Varanasi Cricket Stadium: काशी में खुलने जा रहा 450 करोड़ का अनोखा क्रिकेट स्टेडियम, जानें इसकी खासियत