entertainment
सोनाक्षी की मॉर्फ्ड तस्वीरें वायरल करने वाला गिरफ्तार, लेकिन कोर्ट ने पलट दिया पूरा मामला

Sonakshi Sinha Morphed Photos: बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा (Sonakshi Sinha) से जुड़ा एक मामला इन दिनों चर्चा में है. एक्ट्रेस ने आरोप लगाया था कि सोशल मीडिया पर उनकी मॉर्फ्ड यानी एडिट करके बनाई गई आपत्तिजनक तस्वीरें शेयर की जा रही हैं. इस मामले में मुंबई पुलिस ने दिल्ली से एक आरोपी को गिरफ्तार किया.
दिल्ली से हुई गिरफ्तारी
आपको बता दें कि सोनाक्षी ने 13 नवंबर 2026 को मुंबई के बांद्रा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने आरोप लगाया था कि दिल्ली के एक शख्स ने सोशल मीडिया पर उनकी छेड़छाड़ की गई तस्वीरें पोस्ट की हैं. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 14 नवंबर को दिल्ली के शाहदरा इलाके से आर्यन दीपक जैन को गिरफ्तार किया.
कोर्ट ने क्यों दी राहत?
आपको बता दें कि आरोपी को मुंबई की बांद्रा कोर्ट में पेश किया गया, जहां पुलिस ने तीन दिन की हिरासत मांगी. पुलिस का कहना था कि उसे यह पता लगाना है कि तस्वीरें किस डिवाइस या माध्यम से बनाई और शेयर की गई थीं.
हालांकि, आरोपी के वकीलों ने गिरफ्तारी पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि आरोपी को दिल्ली की स्थानीय मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किए बिना मुंबई लाया गया, जबकि इसके लिए कानूनी प्रक्रिया का पालन जरूरी था.
पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
कोर्ट ने पाया कि गिरफ्तारी के दौरान जरूरी कानूनी नियमों का पालन किए जाने की बात रिकॉर्ड से साफ नहीं होती. मजिस्ट्रेट ने गिरफ्तारी को गैरकानूनी मानते हुए आरोपी को रिहा करने का आदेश दिया. इस बीच, सोशल मीडिया पर दूसरी अभिनेत्रियों की मॉर्फ्ड तस्वीरें वायरल होने की खबरें भी सामने आई हैं.
ये भी पढ़ें: बॉलीवुड अभिनेता और दिल्ली के कारोबारी पर हमले की साजिश, पुलिस ने दो शूटरों को दबोचा