Monday, 6 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

कार ने बाइक को टक्कर मारी, महिला की मौत:शिवपुरी में हर्षी डेम के पास हादसा, पति गंभीर घायल

INT News6 July 2026 at 09:20 pm

शिवपुरी जिले के नरवर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा हर्षी डेम के पास हुआ, जहां पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, नरवर नगर के वार्ड क्रमांक-1 निवासी 35 वर्षीय अजमेर कुशवाह अपनी 32 वर्षीय पत्नी अनीता कुशवाह के साथ सोमवार शाम करीब 6 बजे बाइक से सीहोर में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। तेज रफ्तार कार ने पीछे से मारी टक्कर

इसी दौरान हर्षी डेम के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को तुरंत नरवर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अनीता कुशवाह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अजमेर कुशवाह का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही नरवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस कार चालक की तलाश कर रही है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।