समाचार · पंजाब
कोटकपूरा में पंजाब दिवस पर 1 नवंबर को होगी मैराथन:प्रथम आने वाले को ₹31 हजार, स्पीकर संधवां ने तैयारी को लेकर ली बैठक
पंजाब दिवस के अवसर पर 1 नवंबर 2026 को फरीदकोट जिले के कोटकपूरा शहर में युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान के तहत यूथ रन-2026 मैराथन आयोजित की जाएगी। इसकी तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, चिकित्सा सुविधाओं, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान डीसी राहुल चाबा भी मौजूद रहे। स्पीकर संधवां ने बताया कि मैराथन रविवार सुबह 6 बजे डॉ. हरी सिंह सेवक सीनियर सेकेंडरी स्कूल के गेट नंबर-1 से शुरू होगी। यह दौड़ फरीदकोट रोड फ्लाईओवर से होते हुए गांव संधवां स्थित पीएमश्री सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल तक पहुंचेगी। वहां से यू-टर्न लेकर देव ब्रदर्स शोरूम और सिविल अस्पताल कोटकपूरा के रास्ते वापस स्कूल के गेट नंबर-2 पर समाप्त होगी। प्रथम आने वाले धावक को 31 हजार का इनाम मैराथन में 10 से 70 वर्ष तक की आयु के बच्चे, युवा और बुजुर्ग लोग हिस्सा ले सकेंगे। लड़कों और लड़कियों के वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 31 हजार, दूसरे स्थान पर रहने वाले को 21 हजार और तीसरे स्थान पर रहने वाले को 11 हजार रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा कम उम्र के 10 बच्चों और अधिक आयु के 10 प्रतिभागियों को विशेष रूप से मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा। सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट और प्रमाणपत्र भी दिए जाएंगे। संधवां ने जिले के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मैराथन में भाग लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि इसमें शिक्षण संस्थानों, युवा क्लबों, पंचायतों, खेल क्लबों, स्वयंसेवी संगठनों, नेहरू युवा केंद्र और केमिस्ट एसोसिएशन सहित विभिन्न वर्गों की भागीदारी रहेगी। ‘डॉक्टर की पर्ची पर मरीजों को दी जाए दवा’ बैठक के दौरान स्पीकर ने नशे की अवैध बिक्री पर सख्त रुख अपनाते हुए जिला प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि किसी भी केमिस्ट की दुकान से गैरकानूनी दवाइयां नहीं बिकनी चाहिए। मरीजों को दवाइयां डॉक्टर की पर्ची के आधार पर ही दी जाएं। उन्होंने कहा कि मेडिकल स्टोरों की लगातार जांच की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा ने स्पीकर को सुरक्षा, रूट प्लान और रिफ्रेशमेंट सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी।