national
6 राज्यों के बदले गए गवर्नर: प्रकाश माथुर को केरल, आर्लेकर को तमिलनाडु की जिम्मेदारी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 12 अक्टूबर को 6 राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति की है. उन्होंने कुछ राज्यपालों का तबादला भी किया है. इस बदलाव के तहत ओम प्रकाश माथुर को केरलम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है, जबकि केरलम के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
वहीं, ब्रज मोहन राम को ओडिशा, डॉ सुधा यादव को कर्नाटक और डॉ ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है. वहीं, दुष्यंत गौतम को सिक्किम का नया राज्यपाल बनाया गया है. इन नियुक्तियों से कई राज्यों में राजभवन की जिम्मेदारियों में बदलाव होगा.
1. ओम प्रकाश माथुर: संगठन में लंबा अनुभव
ओम प्रकाश माथुर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं. वे राजस्थान में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और राज्यसभा के सदस्य के रूप में भी काम कर चुके हैं. भाजपा संगठन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है. जुलाई 2024 में उन्होंने सिक्किम के 18वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली थी. अब उन्हें केरलम का राज्यपाल नियुक्त किया गया.
2. राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर: विधानसभा से राज्यपाल तक का सफर
राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर गोवा की राजनीति के अनुभवी नेता हैं. वे गोवा विधानसभा के सदस्य, विधानसभा अध्यक्ष और राज्य सरकार में मंत्री रह चुके हैं. विधानसभा अध्यक्ष रहते हुए गोवा विधानसभा में पेपरलेस व्यवस्था लागू करने की पहल के लिए भी उनकी चर्चा हुई. वे हिमाचल प्रदेश और बिहार के राज्यपाल रह चुके हैं. जनवरी 2025 में केरल के राज्यपाल बने अर्लेकर को अब तमिलनाडु की जिम्मेदारी दी गई है.
3. ब्रज मोहन राम: ओडिशा के नए राज्यपाल
ब्रज मोहन राम को ओडिशा का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, वे झारखंड का वरिष्ठ भाजपा नेता हैं. उनकी नियुक्ति राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा घोषित 6 राज्यों के राज्यपालों के फेरबदल का हिस्सा है.
4. डॉ सुधा यादव: हरियाणा की पूर्व सांसद को कर्नाटक की जिम्मेदारी
डॉ सुधा यादव भाजपा की वरिष्ठ महिला नेता हैं. वे हरियाणा के महेंद्रगढ़ से 1999 में लोकसभा सांसद चुनी गई थीं. उन्होंने राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य के रूप में भी काम किया और भाजपा के संसदीय बोर्ड में शामिल रहीं. रसायन विज्ञान में एमएससी और पीएचडी की पढ़ाई करने वाली सुधा यादव को अब कर्नाटक का राज्यपाल नियुक्त किया गया है.
5. डॉ ढाल सिंह बिसेन: मध्य प्रदेश की राजनीति का अनुभव
डॉ ढाल सिंह बिसेन मध्य प्रदेश के भाजपा नेता हैं. वे बालाघाट लोकसभा क्षेत्र से सांसद रह चुके हैं और इससे पहले मध्य प्रदेश विधानसभा के सदस्य के रूप में भी काम किया है. संसद की आधिकारिक जीवनी के अनुसार, उनका पेशा चिकित्सा और कृषि से जुड़ा रहा है. राष्ट्रपति ने उन्हें उत्तराखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया है.
6. दुष्यंत गौतम: भाजपा संगठन के वरिष्ठ नेता, अब सिक्किम के राज्यपाल
दुष्यंत गौतम भाजपा के वरिष्ठ नेता और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रह चुके हैं. वे 2020 से 2022 तक राज्यसभा के सदस्य रहे. पार्टी संगठन में उनकी भूमिका के साथ-साथ संसदीय कार्यों का भी अनुभव रहा है. अब उन्हें सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है. वे ओम प्रकाश माथुर की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे, जिन्हें केरलम स्थानांतरित किया गया है.
ये भी पढ़ें: CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सारी याचिकाएं मंजूर, 27 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट में होगी सुनवाई