national
एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित होंगे अगले वायुसेना प्रमुख, 31 अक्टूबर को संभालेंगे पद

Air Marshal Ashutosh Dixit: एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित की नियुक्ति 31 अक्टूबर की दोपहर से प्रभावी होगी. वह वर्तमान वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह की जगह लेंगे, जो 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त होंगे.
चार दशक का शानदार सेवा अनुभव
एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित के पास करीब चार दशक का सेवा अनुभव है. वह वर्तमान में भारतीय वायुसेना के उप प्रमुख के पद पर कार्यरत हैं. उन्हें रणनीतिक योजना और स्वदेशी विमान परियोजनाओं को बढ़ावा देने के लिए जाना जाता है.
दीक्षित ने 6 दिसंबर 1986 को भारतीय वायुसेना की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन प्राप्त किया था. वह नेशनल डिफेंस एकेडमी, डिफेंस स्टाफ सर्विस कॉलेज (बांग्लादेश) और नेशनल डिफेंस कॉलेज के पूर्व छात्र हैं.
3,500 घंटे से अधिक की उड़ान
एयर मार्शल दीक्षित ने विभिन्न प्रकार के विमानों पर 3,500 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव हासिल किया है. उन्होंने मिराज-2000, मिग के विभिन्न वेरिएंट, एचपीटी-32, एएन-32, एव्रो, किरण, जगुआर, आईएल-78, हॉक और तेजस जैसे विमानों को उड़ाया है.
वह एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट और क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर भी हैं. अपने सेवा करियर के दौरान वह ऑपरेशन सफेद सागर, ऑपरेशन रक्षक, कोप-इंडिया और ऑपरेशन सिंदूर सहित कई अभियानों और सैन्य अभ्यासों में शामिल रहे हैं.
तेजस और स्वदेशी परियोजनाओं पर जोर
एयर मार्शल दीक्षित भारतीय वायुसेना में स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान (LCA) तेजस और अन्य स्वदेशी विमान परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए भी जाने जाते हैं. माना जा रहा है कि वायुसेना प्रमुख के रूप में वह सरकार की आत्मनिर्भरता की पहल को आगे बढ़ाने पर जोर देंगे.