समाचार · हरियाणा
पानीपत में सफाई कर्मचारियों का उग्र प्रदर्शन:जीटी रोड पर कूड़ा डालकर लगाया जाम; 18 अगस्त तक बढ़ी हड़ताल
हरियाणा में नगरपालिका कर्मचारी संघ के बैनर तले सफाई, सीवर और फायर कर्मचारियों की जारी हड़ताल और अधिक उग्र हो गई है। 6 अगस्त से चल रही इस अनिश्चितकालीन हड़ताल को अब 18 अगस्त तक बढ़ा दिया गया है। रविवार को कर्मचारियों ने पानीपत के संविधान चौक पर कूड़े से भरा डंपर सड़क पर पलटकर प्रदर्शन किया, जिससे जीटी रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और जाम की स्थिति बन गई। संविधान चौक पर फेंका कूड़ा, जीटी रोड पर लगा लंबा जाम नगर पालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर लामबंद हुए दर्जनों सफाई कर्मचारी प्रदर्शन करते हुए संविधान चौक पहुंचे। कर्मचारियों ने विरोध जताते हुए कूड़े के डंपर को सड़क के बीचों-बीच खाली कर दिया। मुख्य मार्ग पर कूड़े का बड़ा ढेर लगने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। वाहन चालकों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जीटी रोड व आसपास के रिहाइशी इलाकों में कूड़े से उठी तेज दुर्गंध के कारण लोगों का सांस लेना दूभर हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारू कराया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी कर्मचारी नारेबाजी करते हुए नगर निगम कार्यालय की ओर बढ़े। कर्मचारियों की मुख्य मांगें 13 मई के समझौते पर विश्वासघात का आरोप यूनियन के नेताओं का कहना है कि 13 मई को राज्य सरकार के साथ उनकी मांगों पर लिखित समझौता हुआ था, जिसे अभी तक धरातल पर लागू नहीं किया गया है। सरकार के इस रवैये से नाराज कर्मचारी 18 अगस्त को प्रदेशभर में विश्वासघात दिवस के रूप में मनाएंगे। लगातार हड़ताल के चलते पानीपत शहर के बाजारों, मुख्य चौराहों और रिहाइशी कॉलोनियों में कचरे के विशाल ढेर जमा हो चुके हैं, जिससे महामारी फैलने का खतरा मंडरा रहा है।