समाचार · पंजाब
संगरूर में 45 लाख से बनेगी 1 किमी सड़क:विधायक नरिंदर कौर ने किया उद्घाटन; कई गांवों के लोगों को मिलेगी राहत
संगरूर में विकास कार्यों को बढ़ावा देने के लिए विधायक नरिंदर कौर भारज ने संगरूर-हरेडी रोड के निर्माण कार्य का उद्घाटन किया। यह सड़क करीब 45 लाख रुपए की लागत से बनेगी। इससे आसपास के गांवों और शहर के लोगों को ट्रैफिक जाम से काफी राहत मिलेगी। पंजाब सरकार पूरे राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने का अभियान चला रही है। इसी के तहत संगरूर के हरेडी रोड पर सड़क बनाने का काम शुरू किया गया है। विधायक नरिंदर कौर भारज ने बताया कि सुए से म्युनिसिपल लिमिट तक करीब 1 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर बीएम और पीसी डबल लेयर बिछाई जाएगी। इस प्रोजेक्ट पर लगभग 45 लाख रुपए खर्च होंगे। व्यापारियों की समस्या का होगा समाधान विधायक ने बताया कि इस सड़क पर गड्ढों और कटाव के कारण चंगाल और हरेडी समेत कई गांवों के लोगों और व्यापारियों को लंबे समय से दिक्कत हो रही थी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बारिश के पानी की निकासी के लिए अधिकारियों से बात करके उचित इंतजाम किए जाएंगे। गलियों व नालियों का काम जल्द होगा पूरा विधायक भारज ने यह भी साफ किया कि शहर की करीब 9 बड़ी सड़कों, जैसे मिलिट्री रोड, उभावाल रोड, रॉक्सी रोड और पटियाला रोड का काम या तो शुरू हो गया है या जल्द ही शुरू होने वाला है। इसके अलावा, पार्क, एसटीपी और वार्डों की गलियों व नालियों का काम भी जल्द ही पूरा हो जाएगा।