Wednesday, 15 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · पश्चिम बंगाल

बंगाल में सीएम शुभेंदु अधिकारी रस्सी खींच कर करेंगे रथ यात्रा का शुभारंभ, इस्कॉन ने अमित शाह को भी भेजा आमंत्रण

INT News15 July 2026 at 08:47 am

कोलकाता से अमर शक्ति प्रसाद की रिपोर्ट

कोलकाता महानगर में 16 जुलाई को होने वाली इस्कॉन की रथयात्रा में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी रथ की रस्सी खींचकर यात्रा का शुभारंभ करेंगे. राज्य में नयी सरकार बनने के बाद यह पहला अवसर होगा, जब वह इस्कान की कोलकाता रथयात्रा में भाग लेंगे. मुख्यमंत्री सुबह लगभग 11.45 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे. वह भगवान के विग्रहों के दर्शन करेंगे और धार्मिक परंपराओं का पालन करते हुए रथ की रस्सी खीचेंगे. इस अवसर पर वह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे. इस बार इससे अधिक भीड़ जुटने की उम्मीद है.

54 वर्षों से हो रहा आयोजन

इस्कॉन कोलकाता द्वारा आयोजित 55वीं ऐतिहासिक कोलकाता रथयात्रा इस वर्ष 16 जुलाई 2026 को भव्य रूप से निकाली जायेगी. इस्कॉन ने इसकी आधिकारिक जानकारी दी है. इस्कॉन कोलकाता ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी रथयात्रा समारोह में आमंत्रित किया है. इस्कान के अनुसार चीन, यूक्रेन, रूस, अमेरिका, आस्ट्रेलिया सहित कई देशों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु रथयात्रा में भाग लेने को कोलकाता पहुंचेंगे. इस वर्ष की रथयात्रा का थीम भारत-मंदिर संस्कृति की विरासत रखा गया है.

मौसी बाड़ी तक का होगा सफर

दक्षिण कोलकाता से निकलने वाली भगवान जगन्नाथ, बलराम और सुभद्रा की रथयात्रा महानगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए मैदान स्थित मौसी बाड़ी पहुंचेगी. परंपरा के अनुसार रथ वहीं ठहरेगा. रथयात्रा को लेकर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में इस्कान के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री की उपस्थिति की पुष्टि की. आयोजकों के अनुसार, रथ यात्रा वर्तमान समय में विश्वभर में बढ़ते तनाव, संघर्ष और अनिश्चितता के बीच यह रथयात्रा मानवता के लिए शांति, प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का संदेश लेकर आयेगी.

16 जुलाई को निकलेगी रथयात्रा

रथयात्रा का शुभारंभ 16 जुलाई 2026 को इस्कॉन कोलकाता मंदिर, 3जी अल्बर्ट रोड से होगा. यात्रा सरत बोस रोड, एक्साइड चौराहा, हंगरफोर्ड स्ट्रीट, एजेसी बोस रोड, हाजरा रोड, श्यामा प्रसाद मुखर्जी रोड, जवाहरलाल नेहरू रोड, आउटराम रोड होते हुए ब्रिगेड परेड ग्राउंड पहुंचेगी.

24 जुलाई को निकलेगी उल्टा रथयात्रा

बहुदा यात्रा (उल्टा रथ) 24 जुलाई को दोपहर 12 बजे ब्रिगेड परेड ग्राउंड से प्रारंभ होगी. यात्रा आउटराम रोड, जवाहरलाल नेहरू रोड, मौलाली, फिलिप्स क्रॉसिंग, आनंद एस्प्लेनेड, एजेसी बोस रोड, पार्क सर्कस, सैयद अमीर अली एवेन्यू और हंगरफोर्ड स्ट्रीट होते हुए इस्कॉन मंदिर पहुंचेगी.

पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

17 से 23 जुलाई तक लगेगा जगन्नाथ महामेला

रथयात्रा के अगले दिन 17 से 23 जुलाई तक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भव्य श्री जगन्नाथ महामेला आयोजित किया जायेगा. यहां तिरुपति बालाजी मंदिर की स्थापत्य शैली से प्रेरित गुंडिचा मंदिर की प्रतिकृति बनायी जायेगी. सात दिनों तक भगवान जगन्नाथ, भगवान बलराम और देवी सुभद्रा यहां विराजमान रहेंगे और श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे.

Also Read: पश्चिम बंगाल बनेगा देश का ‘सीड हब’, खुलेंगे चार कृषि प्रशिक्षण एवं अनुसंधान केंद्र