समाचार · मध्य प्रदेश
माइग्रेन से परेशान उप प्रबंधक की पत्नी ने लगाई फांसी:बेटी ने खिड़की से फंदे पर लटका देखा; कई वर्षों से चल रहा था इलाज
भितरवार नगर में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मोहनगढ़ के उप प्रबंधक की पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना मंगलवार रात की है। बताया जा रहा है कि महिला लंबे समय से माइग्रेन की गंभीर बीमारी से पीड़ित थीं और उनका इलाज चल रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। घटना वार्ड क्रमांक-8 स्थित सेंट्रल बैंक के पीछे की है। मृतका की पहचान कविता राजपूत (42), पत्नी देवेंद्र सिंह राजपूत के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात करीब 9 बजे परिवार के सदस्य खाना खाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान कविता अपने कमरे में चली गईं और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। बेटी ने खिड़की से देखा तो फंदे पर लटकी मिलीं काफी देर तक बाहर नहीं आने पर बेटी उन्हें बुलाने गई। दरवाजा अंदर से बंद मिलने पर उसने पिता को सूचना दी। देवेंद्र सिंह राजपूत ने खिड़की से देखा तो कविता फंदे पर लटकी हुई थीं। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि कविता पिछले कई वर्षों से माइग्रेन की गंभीर बीमारी से पीड़ित थीं और उनका उपचार चल रहा था। पिछले कुछ दिनों से बीमारी के कारण वे काफी परेशान थीं। थाना प्रभारी बोले- पीएम के बाद आगे की कार्रवाई सूचना मिलते ही भितरवार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। परिजनों के बयान दर्ज कर मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। भितरवार थाना प्रभारी सुधीर कुशवाहा ने बताया कि महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।