समाचार · हरियाणा
गुरुग्राम में लाल रंग की थार ने नौकरानी को कुचला:स्टिल्ट पार्किंग में आराम कर रही थी, कार बैक करते समय हादसा, अस्पताल ले गई महिला ड्राइवर
गुरुग्राम में सेक्टर-67 स्थित अंसल वर्सालिया सोसाइटी में घर की पार्किंग में सो रही घरेलू नौकरानी को एक थार गाड़ी ने कुचल दिया। घटना के बाद थार चालक महिला गाड़ी से नीचे उतरी और घायल को दूसरी गाड़ी में निजी अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद महिला शव को वापस सोसाइटी में ले आई और जिस स्थान पर उसने थार से नौकरानी को कुचला था वहीं रख दिया। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-65 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आरोपी थार चालक महिला से भी पूछताछ कर रही है। मृतक महिला की पहचान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के महोबा की रहने 57 वर्षीय गुड्डी के रूप में हुई। काम के बाद पार्किंग में सो गई गुड्डी मकान नंबर 4011 में काम करने के बाद ग्राउंड फ्लोर पर बनी कार पार्किंग में सो रही थी। इस दौरान इसी बिल्डिंग में रहने वाली महिला अपनी थार गाड़ी को बैक कर रही थी जिसके बाद पार्किंग में सो रही महिला के उपर से उसकी थार गाड़ी गुजर गई। वापस पार्किंग में रखा शव मृतका के भतीजे ने बताया कि महिला ने शव को वापस पार्किंग में रख दिया। जब उन्हें इस बारे में पता लगा तो वह मकान के बाहर एकत्र हो गए और हंगामा करना शुरू कर दिया। इस पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस जांच कर रही पुलिस का कहना है कि यहां लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला जा रहा है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।