समाचार · हरियाणा
यमुनानगर में आज किसान निकालेंगे बाइक रैली:कचरा प्लांट से होगी शुरुआत, देश बचाओ मोर्चा के आह्वान पर आयोजन
INT News15 July 2026 at 09:40 am
भारतीय किसान यूनियन के देश बचाओ मोर्चा के आह्वान पर आज यमुनानगर में किसानों की मोटरसाइकिल यात्रा निकाली जाएगी। किसान सुबह 11 बजे कैल कचरा प्लांट पर एकत्रित होंगे। इसके बाद सैकड़ों किसान मोटरसाइकिलों पर रैली निकालते हुए जिला सचिवालय पहुंचेंगे और उपायुक्त (डीसी) को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। भाकियू जिलाध्यक्ष संजू ने बताया कि यह कार्यक्रम देशभर में एक साथ आयोजित किया जा रहा है। यात्रा के माध्यम से किसान अपनी विभिन्न मांगों और जनहित से जुड़े मुद्दों को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। संगठन ने जिले के किसानों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है। उधर किसानों की इस मोटरसाइकिल यात्रा को लेकर ट्रैफिक पुलिस भी अलर्ट मोड पर है। शहर में जाम की स्थिति न बने इसके लिए यात्रा वाली सड़क पर कर्मचारी तैनात किए गए हैं।