समाचार · छत्तीसगढ़
भूपेश बघेल के काफिले पर असम में पत्थरबाजी:नगांव उपचुनाव में BJP-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प, CRPF ने किया लाठीचार्ज; दो संदिग्ध हिरासत में
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और असम कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल सोमवार को नगांव लोकसभा उपचुनाव के प्रचार के लिए असम पहुंचे थे। समागुड़ी के बरमा इलाके में कांग्रेस के चुनावी काफिले पर कथित पथराव की घटना सामने आई। इस काफिले में असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई, भूपेश बघेल, धुबरी सांसद रकीबुल हुसैन और कांग्रेस प्रत्याशी सिबामोनी बोरा समेत कई नेता मौजूद थे। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षाबल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। काले झंडे दिखाने के बाद बढ़ा विवाद कांग्रेस नेताओं के अनुसार कांग्रेस के सीनियर लीडर्स का काफिला चुनावी सभा के लिए जा रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने काले झंडे दिखाए और ‘गो बैक’ के नारे लगाए। इसके बाद स्थिति बिगड़ गई और कांग्रेस के काफिले से जुड़ी गाड़ियों पर पत्थर फेंके जाने की बात सामने आई। कुछ लोगों के चेहरे ढके होने की भी रिपोर्ट है। घटना में वाहनों के शीशे टूटने और पत्रकारों के साथ कथित मारपीट की जानकारी सामने आई है। हालांकि पथराव की शुरुआत किसने की और हिंसा के लिए कौन जिम्मेदार था, इसकी स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस और CRPF की टीम ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाया। स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किए जाने की भी रिपोर्ट है। पुलिस के मुताबिक सुरक्षाबलों पर भी पथराव की सूचना मिली। घटना के बाद कांग्रेस नेताओं को सुरक्षा घेरे में वहां से निकाला गया। गोगोई ने BJP पर लगाया आरोप घटना के बाद गौरव गोगोई ने सोशल मीडिया पोस्ट में आरोप लगाया कि BJP कार्यकर्ताओं ने उस गाड़ी पर पत्थर और बोतलें फेंकी, जिसमें वे और भूपेश बघेल मौजूद थे। उन्होंने कहा कि पुलिस से पहले ही भीड़ को नियंत्रित करने का अनुरोध किया गया था। कांग्रेस नेताओं ने घटना को लेकर पुलिस और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। नगांव लोकसभा उपचुनाव के लिए 6 अक्टूबर को मतदान होना है और 9 अक्टूबर को मतगणना होगी। कांग्रेस ने सिबामोनी बोरा और BJP ने देबाशीष शर्मा को उम्मीदवार बनाया है।