Monday, 21 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

मंत्री का पुतला जलाया, पूर्व MLA समेत 15 पर केस:रामबाई बोलीं- पुलिस नेताओं के दबाव में गलत FIR न करे, अपने दिमाग का इस्तेमाल करे

INT News21 September 2026 at 09:46 pm

दमोह के पथरिया में मंत्री लखन पटेल का पुतला जलाने के मामले में पूर्व विधायक रामबाई समेत करीब 15 बसपा कार्यकर्ताओं पर FIR दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक, बिना अनुमति पुतला दहन करने पर यह कार्रवाई की गई। सोमवार को रामबाई ने कहा कि पुलिस नेताओं के दबाव में आकर किसी पर गलत FIR दर्ज न करे। सोशल मीडिया टिप्पणी के विरोध में जलाया था पुतला दो दिन पहले बसपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक रामबाई के साथ पथरिया में प्रदर्शन किया था। यह प्रदर्शन जनपद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि उदयभान पटेल की ओर से रामबाई के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में था। प्रदर्शन के दौरान मंत्री लखन पटेल का पुतला जलाया गया। रामबाई ने दावा किया कि उदयभान पटेल को मंत्री लखन पटेल का समर्थन है। इसी के विरोध में पुतला जलाया गया था। पुलिस ने बिना अनुमति पुतला दहन का केस बताया पथरिया एसडीओपी प्रिया सिंधी ने बताया कि बिना अनुमति पुतला दहन करने के मामले में मंडल अध्यक्ष की शिकायत पर FIR दर्ज की गई है। इसमें पूर्व विधायक रामबाई समेत करीब 15 कार्यकर्ताओं को आरोपी बनाया गया है। रामबाई बोलीं- पुलिस को पहले रोकना चाहिए था रामबाई ने कहा कि उन्होंने पुलिस को आवेदन देकर अपनी गतिविधि की जानकारी दी थी, हालांकि उसमें पुतला दहन का उल्लेख नहीं था। उन्होंने दावा किया कि बाद में एक-दो घंटे के भीतर पुतला दहन करने की स्थिति बनी और उन्होंने टीआई से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन वे उस समय बांसा गांव में थे। रामबाई ने कहा कि थाने में मौजूद प्रभारी को फोन पर पुतला दहन की जानकारी दी गई थी। उनके मुताबिक, पुलिस का काम उन्हें रोकना था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। बोलीं- नेताओं के दबाव में FIR न करें रामबाई ने पुलिस से कहा कि नेता और मंत्री आते-जाते रहते हैं। पुलिसकर्मियों को किसी के दबाव में आकर गलत FIR नहीं करनी चाहिए। उन्होंने पुलिस से अपने विवेक और समझ के आधार पर कार्रवाई करने की अपील की। कहा- कार्यकर्ता पीछे नहीं हटेंगे रामबाई ने कहा कि उनके अलावा करीब 15-16 समर्थकों पर FIR हुई है, लेकिन उन्हें इसका डर नहीं है। उन्होंने कहा कि वह और उनके कार्यकर्ता पीछे नहीं हटेंगे और गलत के खिलाफ विरोध जारी रखेंगे।