Monday, 21 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

चोरी, सेंधमारी और नवविवाहिता की मौत के आरोपी पकड़े:उज्जैन में नाबालिग से जेवर बरामद, दुकान में सेंध लगाने वाले को जेल भेजा

INT News21 September 2026 at 09:45 pm

उज्जैन जिले में पुलिस ने सोमवार को तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की है। इनमें चोरी, दुकान में सेंधमारी और नवविवाहिता की मौत से जुड़े आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने इन सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। महाकाल थाना पुलिस ने गणेश कॉलोनी, जयसिंहपुरा निवासी ममता अटनेरिया के घर हुई चोरी का खुलासा किया है। 16 से 17 सितंबर के बीच उनके घर से सोने का लॉकेट, चांदी का कंदोरा और 6 हजार रुपए चोरी हुए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की मदद से 21 सितंबर को एक नाबालिग को पकड़ा। उसके पास से सोने का लॉकेट, चांदी का कंदोरा और 1500 रुपए नकद बरामद किए गए। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 90 हजार रुपए बताई गई है। महिदपुर में शंकरसिंह की दुकान की पिछली दीवार तोड़कर चोरी का प्रयास किया गया था। 19 सितंबर को शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ग्राम बछोड़ा निवासी अर्जुन (36) को गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद महिदपुर उपजेल भेज दिया गया है। महिदपुर रोड थाना क्षेत्र के बावलिया गांव में 20 साल की नवविवाहिता रानू कुंवर की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति राजपाल सिंह (21) और ससुर टीकम सिंह (54) को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि रानू को मायके से 3 लाख रुपए नकद और चार पहिया वाहन लाने के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में दहेज प्रतिषेध अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।