national · राजस्थान
Rajasthan Nikay Chunav: निकाय चुनाव में 11 बूथों पर फिर से हो रही वोटिंग, जानिए क्या है मामला?

Rajasthan Nikay Chunav: राजस्थान के नगर निकाय चुनाव में बुधवार को कई बूथों पर फिर से मतदान हो रहा है. इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) में तकनीकी खराबी के कारण राज्य निर्वाचन आयोग ने इन केंद्रों पर पुनर्मतदान का निर्देश दिया है. सुबह 7 बजे शुरू हुआ पुनर्मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा.
जयपुर से सुकेत तक इन बूथों पर वोटिंग
पुनर्मतदान जयपुर, जोधपुर, कोटा और सुकेत के कुल 11 मतदान केंद्रों पर कराया जा रहा है. जयपुर नगर निगम के वार्ड 9 के बूथ 111, वार्ड 18 के बूथ 235, वार्ड 25 के बूथ 343 और वार्ड 34 के बूथ 477 व 484 पर दोबारा मतदान हो रहा है.
जोधपुर और कोटा में भी दोबारा मतदान
जोधपुर नगर निगम के वार्ड 50 के बूथ 338 पर पुनर्मतदान कराया जा रहा है. वहीं कोटा नगर निगम के वार्ड 87 के बूथ 99, वार्ड 44 के बूथ 448 और वार्ड 11 के बूथ 576 पर भी मतदाता फिर से अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं.
सुकेत के एक बूथ पर भी वोटिंग
नगरपालिका सुकेत के वार्ड संख्या 4 के बूथ संख्या 5 पर भी पुनर्मतदान हो रहा है. इन सभी केंद्रों पर मतदान के दौरान EVM से जुड़ी तकनीकी शिकायतें सामने आई थीं.
जिला अधिकारियों की रिपोर्ट के बाद फैसला
राज्य निर्वाचन आयोग को मतगणना के दौरान इन मतदान केंद्रों की EVM में तकनीकी खराबी की शिकायतें मिली थीं. संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारियों और रिटर्निंग अधिकारियों से रिपोर्ट लेने के बाद आयोग ने पूरे मामले की समीक्षा की और पुनर्मतदान कराने का फ़ैसला किया.
17 सितंबर को फिर होगी मतगणना
अधिकारियों के मुताबिक, बुधवार को होने वाला पुनर्मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा. इसके बाद इन बूथों पर पड़े मतों की मतगणना 17 सितंबर को की जाएगी. ऐसे में इन सीटों के चुनाव परिणाम के लिए अब नई मतगणना का इंतजार करना होगा.
ये भी पढ़ें: Rajasthan Nikay Chunav Result: निकाय चुनाव में BJP का 309 में से 163 सीटों पर कब्जा, कांग्रेस को मिली 103 सीटें