Wednesday, 16 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

ग्राम रोजगार सहायकों ने नियमितीकरण को लेकर सौंपा ज्ञापन:1 अक्टूबर तक का दिया समय, 2 से हड़ताल की दी चेतावनी

INT News16 September 2026 at 02:56 pm

शाजापुर में विभिन्न मांगों को लेकर ग्राम रोजगार सहायकों ने बुधवार को प्रदर्शन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग मंत्री के नाम जिला पंचायत सीईओ तथा डिप्टी कलेक्टर जगदीश वर्मा को ज्ञापन दिया। संगठन ने ग्राम रोजगार सहायकों को पंचायत सहायक सचिव के पद पर नियुक्त करने और 28 जून 2023 को तत्कालीन मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा के अनुसार पंचायत सचिवों के समान सभी सुविधाएं देने की मांग की है। संगठन के अनुसार, 28 जून 2023 को भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में हुई ग्राम रोजगार सहायकों की महापंचायत में नियुक्ति, स्थानांतरण सहित अन्य प्रक्रियाएं पंचायत सचिवों के समान करने की घोषणा की गई थी। इसे लागू करने के लिए शासन ने समिति का गठन भी किया था, जिसके अध्यक्ष पंचायत राज संचालनालय के संचालक बनाए गए थे। लेकिन, करीब तीन वर्ष बीतने के बाद भी इस संबंध में आदेश जारी नहीं हुआ है। ग्राम रोजगार सहायकों ने बताया कि कई अवसरों पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मांगों को पूरा करने का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 20 मई 2026 को भोपाल के जंबूरी मैदान में हुए महासम्मेलन में मांगों पर गंभीरता से विचार करने की बात कही थी। वहीं, 18 अगस्त 2026 को मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में अधिकारियों को 15 दिन में आदेश जारी करने के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक कोई आदेश जारी नहीं हुआ है। ज्ञापन में महासम्मेलन में शामिल होने जा रहे रतलाम जिले के चार ग्राम रोजगार सहायकों की सड़क दुर्घटना में मौत और अन्य साथियों के घायल होने का जिक्र करते हुए पीड़ित परिवारों को अनुकंपा नियुक्ति और आर्थिक मदद देने की मांग भी की गई है। जिला अध्यक्ष हुकुम सिंह आंजना ने बताया कि प्रदेश में करीब 23 हजार ग्राम रोजगार सहायक विभिन्न योजनाओं को गांवों तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। हुकमसिंह आंजना ने चेतावनी दी है कि 1 अक्टूबर 2026 तक मांगें पूरी नहीं हुईं तो 2 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल, कंप्यूटर बंद, धरना, भूख हड़ताल और आमरण अनशन सहित चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। संगठन ने कहा कि इसके लिए शासन-प्रशासन जिम्मेदार होगा।