समाचार · मध्य प्रदेश
इंजीनियर के सूने घर से नकदी-जेवर चोरी:चोरों ने कटर से ताला काटा, काजू-बादाम भी ले गए; परिवार शादी में गया था
आलीराजपुर जिले की जबरन कॉलोनी के वार्ड नंबर 15 में बुधवार सुबह एक इंजीनियर के सूने मकान में चोरी हो गई। चोर मुख्य दरवाजे का ताला कटर से काटकर घर में घुसे। वे करीब 1.50 लाख रुपए नकद और एक लाख रुपए के जेवर चुराकर ले गए। जाते समय चोर फ्रिज में रखे काजू-बादाम भी अपने साथ ले गए। इंजीनियर शाहबाज मकरानी मंगलवार रात करीब 9 बजे शादी में शामिल होने सिंघाना गए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके खाली मकान को निशाना बनाया। मुख्य दरवाजे का ताला काटने के बाद वे अंदर घुसे और कमरों में रखे सामान की तलाशी ली। इसके बाद नकदी और जेवर लेकर भाग गए। सुबह पड़ोसियों ने मकान का दरवाजा खुला और ताला कटा देखा। उन्होंने शाहबाज मकरानी को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को भी घटना के बारे में बताया गया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जगह का जायजा लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देख रही है। फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से दूसरे सबूत भी इकट्ठा किए हैं। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।