Wednesday, 16 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

राजनांदगांव में खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटर में लगी आग:बैटरी वाले हिस्से से निकला धुआं, फिर उठने लगीं तेज लपटें; जलकर खाक

INT News16 September 2026 at 02:47 pm

राजनांदगांव के भरका पारा इलाके में कमल टॉकीज के पास सड़क किनारे खड़ी एक इलेक्ट्रिक स्कूटर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे स्कूटर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना पंजाब नेशनल बैंक/एटीएम के पास की है। बताया जा रहा है कि स्कूटर के बैटरी वाले हिस्से से अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर बाद उसमें तेज आग लग गई। आग की लपटें काफी ऊंची थीं और काला धुआं दूर तक दिखाई दे रहा था। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आसपास खड़ी गाड़ियों को हटाया आग बढ़ती देख राहगीरों और दुकानदारों ने तुरंत आसपास खड़ी दूसरी गाड़ियों को वहां से हटा दिया। इससे आग के दूसरी गाड़ियों तक पहुंचने का खतरा टल गया। शॉर्ट सर्किट या ओवरहीटिंग की आशंका शुरुआती जांच में इलेक्ट्रिक स्कूटर की बैटरी में शॉर्ट सर्किट या ओवरहीटिंग को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि आग लगने का सही कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। ई-स्कूटर में आग से बचने के लिए इन बातों का रखें ध्यान विशेषज्ञों के मुताबिक इलेक्ट्रिक वाहन को लंबे समय तक तेज धूप में खड़ा करने से बचना चाहिए। लोकल या बिना अनुमति वाली चार्जिंग किट का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। बैटरी में खुद से बदलाव करने और ओवरचार्जिंग से भी बचना चाहिए। बैटरी से असामान्य धुआं या गंध आने पर तुरंत वाहन को सुरक्षित जगह पर खड़ा कर सर्विस सेंटर से संपर्क करना चाहिए।