समाचार · मध्य प्रदेश
रायसेन में मंडीदीप थाने में भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने:पोस्ट को लेकर FIR के बाद दोनों पक्षों ने दिया धरना, विधायक पर तिरंगे के अपमान का आरोप
रायसेन में मंडीदीप में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भाजपा और कांग्रेस नेता बुधवार को थाने में आमने-सामने आ गए। पूर्व पार्षद और कांग्रेस नेता वीरेंद्र मीणा की फेसबुक पोस्ट को लेकर भाजपा नेताओं ने मंगलवार देर रात मंडीदीप थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने वीरेंद्र मीणा के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। FIR के बाद बुधवार सुबह करीब 10 बजे भाजपा नेता वीरेंद्र मीणा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने पहुंचे। इसी दौरान मंडीदीप ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दीपेश मीणा और उनके समर्थक भी वहां पहुंच गए। कांग्रेस नेताओं ने भोजपुर विधायक सुरेंद्र पटवा और उनके समर्थकों पर 15 अगस्त के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग रखी। थाने के बाहर दोनों पक्षों ने दिया धरना दोनों पक्षों के एक साथ थाने पहुंचने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। भाजपा नेता थाना परिसर में धरने पर बैठ गए, जबकि कांग्रेस समर्थकों ने भी थाने के सामने धरना शुरू कर दिया। स्थिति की जानकारी मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक और औबेदुल्लागंज थाना प्रभारी भरत सिंह पुलिस बल के साथ मंडीदीप थाने पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। कांग्रेस ने पुलिस को सौंपा 15 अगस्त का वीडियो एएसपी दीपक नायक ने बताया कि भाजपा नेताओं को FIR दर्ज होने और मामले में आगे की कार्रवाई की जानकारी दी गई है। वहीं, कांग्रेस नेताओं ने 15 अगस्त का एक वीडियो पुलिस को सौंपा है। इसमें उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का आरोप लगाया है। पुलिस अब वीडियो की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों के समर्थकों को समझाइश देकर वहां से रवाना कर दिया। मामले में पुलिस की जांच जारी है।