समाचार · पंजाब
पठानकोट के नरोट जैमल सिंह में युवाओं की चेतावनी:खेल ग्राउंड नहीं बना तो 2027 विधानसभा चुनाव में करेंगे मतदान का बहिष्कार, 40 साल से चल रही मांग
पिछले करीब 35 से 40 वर्षों से खेल मैदान की कमी झेल रहे नरोट जैमल सिंह क्षेत्र के युवाओं ने राजनेताओं और प्रशासन को कड़ी चेतावनी दी है। युवाओं का कहना है कि अगर उनके क्षेत्र में खेल मैदान तैयार नहीं करवाया गया तो वे सभी 2027 विधानसभा में मतदान का बहिष्कार करेंगे। युवाओं के मुताबिक उन्हें किसी भी खेल के लिए 5 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। नरोट जैमल सिंह क्षेत्र के अंतर्गत कुल 11 वार्ड आते हैं और यहां युवाओं की एक बहुत बड़ी आबादी निवास करती है। इसके बावजूद खेल गतिविधियों के संचालन के लिए कोई बुनियादी ढांचा मौजूद नहीं है। हालांकि, प्रशासन द्वारा प्रस्तावित शामलात जमीन की निशानदेही का कार्य पूरा कर लिया गया है। लेकिन, जमीन की पैमाइश होने के बाद अब युवाओं की निगाहें मैदान का निर्माण कार्य शुरू होने पर टिकी हैं। अभ्यास के लिए 5 किलोमीटर दूर कोहलियां जाने को मजबूर हैं युवा स्थानीय निवासी सोनू ने बताया कि नरोट जैमल सिंह में पिछले कई दशकों से युवाओं के खेलने और भर्ती या खेल प्रतियोगिताओं की तैयारी करने के लिए कोई उचित मैदान उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी खुद की उम्र 35 से 40 वर्ष हो चुकी है, लेकिन आज तक क्षेत्र में एक भी खेल ग्राउंड नहीं बन पाया। मैदान के अभाव में स्थानीय युवाओं को दौड़ और अन्य खेलों का अभ्यास करने के लिए मजबूरन करीब 5 किलोमीटर दूर गांव कोहलियां जाना पड़ता है, जिससे उनका समय और ऊर्जा दोनों बर्बाद होते हैं। 11 वार्डों की बड़ी आबादी, मंत्री के निर्देश के बाद पूरी हुई निशानदेही एक अन्य स्थानीय निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि नरोट जैमल सिंह क्षेत्र के अंतर्गत कुल 11 वार्ड आते हैं और यहां युवाओं की एक बहुत बड़ी आबादी निवास करती है। इसके बावजूद खेल गतिविधियों के संचालन के लिए कोई बुनियादी ढांचा मौजूद नहीं है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के युवाओं द्वारा लगातार इस मुद्दे को संबंधित कैबिनेट मंत्री के समक्ष उठाया जा रहा था। अब मंत्री के हस्तक्षेप और निर्देशों के बाद प्रस्तावित शामलात जमीन की निशानदेही का कार्य पूरा कर लिया गया है, जिससे इलाके के युवाओं में खेल मैदान बनने की नई उम्मीद जगी है। 2027 चुनाव में वोट न डालने की चेतावनी युवाओं ने प्रशासन और सरकार को स्पष्ट शब्दों में आगाह करते हुए कहा कि यदि निशानदेही के बाद जल्द ही खेल मैदान का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो इसका सीधा असर आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों में देखने को मिलेगा। प्रदीप कुमार ने चेतावनी दी कि यदि हमें खेल ग्राउंड नहीं मिला, तो क्षेत्र के युवा मतदान का बहिष्कार करेंगे और वोट नहीं डालेंगे। अब हम केवल कोरे आश्वासनों से संतुष्ट होने वाले नहीं हैं, बल्कि जमीन पर काम होता देखना चाहते हैं। क्षेत्र के समस्त युवाओं ने मंत्री से अपील की है कि वे शीघ्र नरोट जैमल सिंह का दौरा कर प्रस्तावित जमीन का जायजा लें, खेल मैदान का नींव पत्थर रखें और जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू करवाकर इसे युवाओं को समर्पित करें। अब देखना यह होगा कि प्रशासनिक निशानदेही के बाद युवाओं की चार दशक पुरानी यह मांग धरातल पर कब साकार होती है।