समाचार · उत्तर प्रदेश
UP Electricity Bill: कानपुर में अब AI करेगा बिजली बिल की वसूली, 87.54 करोड़ रुपये वसूलने की तैयारी, जानें पूरा प्लान

UP Electricity Bill: कानपुर में बिजली बिल का बकाया वसूलने के लिए केस्को नई तकनीक का इस्तेमाल करने जा रहा है. अब बकाया बिल जमा कराने के लिए कर्मचारियों को हर उपभोक्ता के पास फोन नहीं करना पड़ेगा. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए उपभोक्ताओं को अपने आप कॉल जाएगी. इस व्यवस्था के पहले चरण में 20 हजार बकाएदारों को शामिल किया गया है, जिन पर कुल 87.54 करोड़ रुपये का बिजली बिल बाकी है. यह पायलट प्रोजेक्ट सोमवार से शुरू होगा.
ढाई से तीन मिनट की होगी AI कॉल
केस्को की आईटी सेल ने AI तकादा कॉलिंग सिस्टम तैयार किया है. इसके जरिए बकाया बिल वाले उपभोक्ताओं को फोन करके भुगतान की याद दिलाई जाएगी. कॉल के दौरान उन्हें यह भी बताया जाएगा कि बिल किस तरह जमा कर सकते हैं. अगर किसी उपभोक्ता को बिल भुगतान में परेशानी है तो वह अपनी समस्या भी बता सकेगा. प्रत्येक कॉल करीब ढाई से तीन मिनट की होगी. तय समय पूरा होने पर कॉल अपने आप कट जाएगी.
इन 20 हजार उपभोक्ताओं को जाएगी कॉल
केस्को ने पहले चरण में अलग-अलग श्रेणियों के 20 हजार उपभोक्ताओं को चिह्नित किया है. इन सभी पर कुल 87.54 करोड़ रुपये का बकाया है. श्रेणी के अनुसार उपभोक्ताओं और बकाया बिल का विवरण इस प्रकार है.
LMV-1: 16,935 उपभोक्ता, जिन पर 57.87 करोड़ रुपये बकाया हैं.
LMV-2: 2,541 उपभोक्ता, जिन पर 14.79 करोड़ रुपये बकाया हैं.
LMV-6: 524 उपभोक्ता, जिन पर 14.39 करोड़ रुपये बकाया हैं.
कुल: 20,000 उपभोक्ता, जिन पर 87.54 करोड़ रुपये बाकी हैं.
एक कॉल पर खर्च होंगे आठ रुपये
केस्को के इस सिस्टम से बकाया वसूली के लिए करीब 1.60 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं. एक कॉल पर अधिकतम आठ रुपये का खर्च आएगा. अधिशासी अभियंता (आईटी) सर्वेश पांडेय के मुताबिक, इस व्यवस्था का मकसद उपभोक्ताओं से सीधे बातचीत करना और बिल जमा करने में आ रही परेशानी को समझना है. AI कॉल के जरिए उपभोक्ताओं को भुगतान के विकल्प भी बताए जाएंगे, ताकि वे आसानी से अपना बकाया जमा कर सकें.
शिकायतों के समाधान के बाद भी आएगी कॉल
केस्को की प्रबंध निदेशक नेहा जैन ने बताया कि पायलट प्रोजेक्ट के नतीजे अच्छे रहने पर इस व्यवस्था का विस्तार किया जाएगा. भविष्य में इसका इस्तेमाल केवल बिजली बिल की वसूली के लिए नहीं होगा. बिजली आपूर्ति बाधित होने, नए कनेक्शन लेने, बिल में सुधार कराने और मीटर से जुड़ी शिकायतों के समाधान के बाद भी उपभोक्ताओं को AI कॉल की जाएगी. इसके जरिए उनसे पूछा जाएगा कि उनकी समस्या का समाधान हुआ है या नहीं.
बिल में गड़बड़ी होने पर भी बता सकेंगे समस्या
कई बार गलत मीटर रीडिंग, खराब मीटर या बिल में गड़बड़ी के कारण उपभोक्ता बिजली बिल जमा नहीं कर पाते हैं. नई व्यवस्था में ऐसे उपभोक्ता कॉल के दौरान अपनी परेशानी दर्ज करा सकेंगे. इसके बाद उनकी शिकायत संबंधित डिवीजन या अधिकारी तक पहुंचाई जाएगी. समस्या का समाधान होने पर उपभोक्ता आसानी से बकाया बिल जमा कर सकेंगे. इससे उन्हें शिकायत लेकर केस्को कार्यालयों के चक्कर भी नहीं लगाने पड़ेंगे.
Must Read: बिना पिलर वाले पुल पर छह लेन में दौड़ेंगी गाड़ियां, ग्वालियर-आगरा एक्सप्रेस-वे का काम शुरू, जानें खासियत