Saturday, 14 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

14 साल की बच्ची का आरोप- पढ़ाई का सपना दिखाकर रांची लाए, फिर रेप कर गर्भवती किया; विधायक बोले- ये षडयंत्र है

INT News14 November 2026 at 08:52 am

Simdega MLA Bhushan Bara Case: सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर 14 वर्षीया किशोरी ने दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. किशोरी को विधायक ने अपने आवास पर घर के काम-काज में लगा रखा था. विधायक के खिलाफ विधानसभा थाना में पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. यह प्राथमिकी बीएनएस-2023 की धारा 64(2)(b)/65(1)/3(5), पॉक्सो एक्ट-2012 की धारा 4/6/17 और जेजे एक्ट-2015 की धारा 75/79 के तहत दर्ज की गयी है.

पढ़ाई और स्कूल में नामांकन का भरोसा देकर लाने का आरोप

आवेदन में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि मई 2026 में उसके गांव आयी दो महिलाएं एमा बाड़ा और जोसीमा खाखा उसे सिमडेगा विधायक आवास ले गयी थीं. उसे पढ़ाई कराने और स्कूल में नामांकन का भरोसा दिया गया था, लेकिन विधायक आवास पहुंचने के बाद उससे घरेलू काम कराया जाने लगा. किशोरी ने विधायक पर डरा-धमकाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. उसने दोनों महिलाओं के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है.

ये भी पढ़ें: बंगाल की बाढ़ का बहाना, झारखंड के खजाने पर नजर! 3,814 करोड़ की गाद-बालू बेचने की तैयारी में DVC

विधायक आवास में जबरदस्ती करने का आरोप

प्राथमिकी के लिए दिये गये आवेदन में आरोप है कि पांच अगस्त 2026 की दोपहर रांची स्थित विधायक आवास संख्या 12 में विधायक भूषण बाड़ा आये थे. किशोरी पानी लेकर उनके पास गयी, तो उन्होंने उसे अपना जूता खोलने के लिए कहा. आरोप है कि जूता खोलने के दौरान विधायक ने उसके साथ जबरदस्ती की. चिल्लाने की कोशिश करने पर उसका मुंह बंद कर दिया और मारपीट कर चुप करा दिया. इसके बाद दुष्कर्म किया. किशोरी का आरोप है कि घटना के बाद विधायक ने धमकी दी कि किसी को जानकारी देने पर उसे मरवाकर फेंकवा देंगे.

धनरोपनी के बहाने सिमडेगा ले जाने की बात

किशोरी के अनुसार, घटना के दिन विधायक आवास में पहले से काम कर रही दो अन्य लड़कियों को छुट्टी दे दी गयी थी. शाम में जोसीमा खाखा विधायक आवास आयीं और धनरोपनी का बहाना बनाकर अगले दिन उसे अपने साथ सिमडेगा ले गयीं. इसके बाद वह वहीं रहने लगी. किशोरी ने बताया कि इतने दिनों तक काम कराने के बाद उसे केवल तीन हजार रुपये दिये गये.

मां ने बचपन में छोड़ा, पिता की हो चुकी है मौत

किशोरी ने आवेदन में अपनी पारिवारिक स्थिति का भी उल्लेख किया है. उसने बताया कि उसके पिता की मौत हो चुकी है और मां उसे बचपन में ही छोड़ चुकी है. सितंबर में वह अपनी मुंहबोली बहन और बहनोई के पास चली गयी थी. मासिक धर्म नहीं होने पर उसे गर्भ ठहरने की जानकारी मिली. किशोरी के अनुसार, आर्थिक तंगी और ठीक से खान-पान नहीं होने के कारण 22 अक्तूबर को उसे रक्तस्राव होने लगा. चिकित्सक के पास जाने पर गर्भ खराब होने की जानकारी दी गयी. उसने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की मांग की है.

ये भी पढ़ें: घर के पास ही दे सकेंगे अर्घ्य! रांची के इन इलाकों में बन रहे कृत्रिम छठ घाट, यहां देखें पूरी सूची

मारपीट और ठीक से खाना नहीं देने का भी आरोप

किशोरी ने बताया है कि विधायक के रांची स्थित आवास पर लाने के अगले दिन से ही उससे घर का काम कराया जाने लगा था. सिमडेगा में एमा बाड़ा के बाउंड्री निर्माण के काम में भी उससे मजदूरी करायी गयी. इसके बाद उसे दोबारा रांची लाया गया. किशोरी का आरोप है कि दोनों जगहों पर उसके साथ जानवरों जैसा बर्ताव किया गया. देर से उठने या काम ठीक से नहीं करने पर एमा बाड़ा मारपीट करती थी और गंदी गालियां देती थी. उसे ठीक से खाना भी नहीं दिया जाता था. स्कूल में दाखिले की बात करने पर हर बार टाल दिया जाता था.

देर शाम सदर अस्पताल में हुआ मेडिकल परीक्षण

शुक्रवार देर शाम पुलिस किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंची. पुलिस रात करीब 7:35 बजे किशोरी को लेकर अस्पताल पहुंची. जांच के दौरान दो महिला डॉक्टर मौजूद रहीं.

किशोरी के दादा ने भी दर्ज करायी प्राथमिकी

इधर, कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद सिमडेगा के पाकरटांड़ थाना में किशोरी के दादा ने दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है. प्राथमिकी में नाबालिग किशोरी को अगवा कर डराने-धमकाने और दबाव बनाकर विधायक के विरुद्ध गलत और भ्रामक बयान दिलवाने का आरोप लगाया गया है.

शिकायतकर्ता ने पाकरटांड़ थाना में आवेदन दिया है. इसमें आरोप लगाया गया है कि उनकी नाबालिग पोती को दिलीप तिर्की और अभिषेक भारती नामक दो व्यक्तियों ने कथित रूप से अगवा कर लिया था. इसके बाद उसे डराया-धमकाया गया. दबाव बनाकर सिमडेगा विधायक के खिलाफ गलत एवं भ्रामक बातें बोलने तथा गलत आरोपों के संबंध में गवाही देने के लिए विवश किया गया. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दोनों व्यक्तियों के दबाव में आकर नाबालिग ने विधायक के विरुद्ध आरोप लगाये. पुलिस ने दोनों नामजद के खिलाफ 13 नवंबर 2026 को बीएनएस की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट की धारा 23(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है.

ये भी पढ़ें: रांची में फिर गिरा पारा, खरना पर सुबह कोहरा और दिन में छाये रहेंगे बादल

विधायक भूषण बाड़ा ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा ने खुद पर लगाये गये आरोपों को पूरी तरह झूठा और निराधार बताया है. उन्होंने कहा कि लड़की को पढ़ाई-लिखाई के उद्देश्य से रांची स्थित अपने आवास पर लाया था. वह धनरोपनी के समय ही अपने घर लौट गयी थी. इसके चार-पांच महीने बाद इस तरह का मामला सामने आना चौंकाने वाला है. विधायक ने आरोप लगाया कि यह पूरा मामला राजनीति से प्रेरित है. उन्होंने कहा कि एक तथाकथित नेता द्वारा उनके खिलाफ साजिश रची गयी है. उसी व्यक्ति के माध्यम से लड़की को बयान देने के लिए तैयार कराया गया है.