समाचार · मध्य प्रदेश
सतना में युवक पर गोली चलाने का दूसरा आरोपी गिरफ्तार:बारापत्थर पेट्रोल पंप के पास पकड़ा, वारदात में इस्तेमाल बाइक भी जब्त
सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र में युवक पर गोली चलाकर हत्या की कोशिश के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान इटौरा खुर्द निवासी अभिलाष लोधी (30), पिता अयोध्या प्रसाद लोधी के रूप में हुई है। पुलिस ने शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर बारापत्थर पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ा। उसके पास से बाइक जब्त की गई। अदालत में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, 8 नवंबर को अभिलाष लोधी और प्रिंस यादव सुबह करीब 10:30 बजे सतना पट्टी निवासी घनश्याम कुशवाहा (22) के घर पहुंचे। उन्होंने घनश्याम के पिता से उसके बारे में पूछा। पिता ने बताया कि वह नागौद गया है। इसके बाद दोनों आरोपी ललचहा मोड़ पर राणा यादव की दुकान के पास घनश्याम के लौटने का इंतजार करने लगे। घनश्याम अपने साथी राजा यादव के साथ नागौद से घर लौट रहा था, तभी दोनों ने उसे रोक लिया। गाली-गलौज और धमकी देने के बाद प्रिंस यादव ने पिस्टल से तीन फायर किए। उसने एक फायर हवा में और दो घनश्याम पर किए। एक गोली चूक गई, जबकि दूसरी घनश्याम के पैर में लगी। इसके बाद आरोपी फरार हो गए।