Saturday, 14 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

यूपी में बदलेगा राजनीति का समीकरण, दलित वोटों के लिए आमने-सामने होंगे चंद्रशेखर और मायावती

INT News14 November 2026 at 08:39 am

Chandrashekhar Azad: उत्तर प्रदेश की राजनीति में आजाद समाज पार्टी (काशीराम) और एआईएमआईएम के बीच गठबंधन ने नई सियासी हलचल पैदा कर दी है. इस गठबंधन को प्रदेश में अन्य राजनीतिक दलों के साथ बहुजन समाज पार्टी के लिए भी चुनौती के रूप में देखा जा रहा है. इसकी बड़ी वजह आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद की कैडर और युवा मतदाताओं के बीच तेजी से बढ़ती पैठ है. ऐसे में बसपा के सामने अपने परंपरागत मतदाताओं को एकजुट रखने की चुनौती होगी.

लगातार गिरता गया बसपा का जनाधार

बहुजन समाज पार्टी ने वर्ष 2007 के विधानसभा चुनाव में 30.43 प्रतिशत वोट हासिल कर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी. हालांकि, इसके बाद पार्टी का मत प्रतिशत लगातार गिरता गया. वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में बसपा को महज 12.88 प्रतिशत वोट मिले, जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी का वोट प्रतिशत घटकर करीब 9.39 प्रतिशत रह गया. वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में बसपा को केवल बलिया की रसड़ा सीट पर जीत मिली थी. यहां से उमाशंकर सिंह विधायक बने थे. हाल ही में उनके निधन के बाद चर्चा है कि बसपा इस सीट से उनके बेटे को प्रत्याशी बना सकती है.

दलित राजनीति में नए नेतृत्व के लिए बनी जगह

बसपा के गिरते जनाधार के बीच दलित राजनीति में नए नेतृत्व के लिए जगह बनी है, लेकिन मायावती का राजनीतिक आधार अब भी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. खासकर जाटव समुदाय में उनकी स्वीकार्यता बनी हुई है. पार्टी के कैडर और परंपरागत मतदाताओं का भी उनसे जुड़ाव है. कानून-व्यवस्था को लेकर मायावती के सख्त फैसलों की चर्चा आज भी होती है. बसपा दिसंबर में लखनऊ में आयोजन कर अपनी कैडर ताकत दिखाने की तैयारी कर रही है. पार्टी की कोशिश अपने पुराने समर्थकों को फिर से सक्रिय करने की है.

युवाओं के बीच चंद्रशेखर की बढ़ती लोकप्रियता

दूसरी ओर, चंद्रशेखर आजाद के सामने इस राजनीतिक अवसर को वोटों में बदलने की चुनौती है. वह युवाओं के बीच जाकर रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक विकास जैसे मुद्दे उठा रहे हैं. मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित होने के बाद इन मुद्दों के जरिये युवाओं को आकर्षित करने की उनकी कोशिश और तेज हो सकती है. हालांकि, चंद्रशेखर के लिए खुद को एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में स्थापित करना आसान नहीं होगा. इसके लिए उन्हें अपने मौजूदा जनाधार को विस्तार देने के साथ अलग-अलग सामाजिक वर्गों का समर्थन भी हासिल करना होगा.

आकाश आनंद के जरिये बसपा की भी नई रणनीति

बसपा भी राजनीतिक मुकाबले में पीछे नहीं है. पार्टी ने आकाश आनंद को दोबारा राष्ट्रीय संयोजक बनाया है. इसके बाद प्रदेश में उनकी रैलियां और सभाएं भी शुरू हो गई हैं. आकाश आनंद युवाओं से जुड़े मुद्दे उठाने के साथ पार्टी के कैडर मतदाताओं को भी जोड़ने में जुटे हैं. ऐसे में उत्तर प्रदेश की राजनीति में दलित और जाटव मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए बसपा और आजाद समाज पार्टी के बीच मुकाबला तेज होने के आसार हैं. आने वाले समय में यह देखना अहम होगा कि चंद्रशेखर आजाद अपनी बढ़ती लोकप्रियता को वोटों में कितना बदल पाते हैं और मायावती अपने परंपरागत जनाधार को किस तरह सहेजती हैं.

Also Read: UP में सरकारी नौकरी और मुफ्त राशन दोनों एक साथ नहीं, रेलकर्मियों पर रेलवे बोर्ड सख्त, तत्काल कार्ड वापस करने का निर्देश