समाचार · बिहार
विधानसभा से अनंत सिंह को 30 नवंबर तक की मोहलत, फिर भेजा गया नोटिस, कब तक देंगे जवाब?

Anant Singh: विधानसभा से मोकामा के विधायक अनंत सिंह को एक बार फिर नोटिस भेजा गया है. जेडीयू की ओर से अनंत सिंह की विधायकी खत्म करने की मांग स्पीकर से की गई थी. इसके बाद उन्हें नोटिस भेजा गया था. ऐसे में दूसरी बार अनंत सिंह को नोटिस भेजकर 30 नवंबर तक जवाब मांगा है. स्पीकर के निर्देश के बाद विधानसभा के प्रभारी सचिव संजय कुमार सिंह ने नोटिस भेजा है.
शादी के बाद अनंत सिंह देंगे नोटिस का जवाब
विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी 25 नवंबर को होगी. इसके लिए तैयारियां अभी से की जा रही है. दुलारचंद हत्याकांड के मामले में सुप्रीम कोर्ट की ओर से अनंत सिंह को 4 दिसंबर तक सरेंडर करने का आदेश दिया है. ऐसे में अब यह संभावना जताई जा रही है कि अनंत सिंह अपनी बेटी शिवांगी की शादी के बाद पहले विधानसभा के नोटिस का जवाब देंगे. इसके बाद जेल जायेंगे.
जेडीयू ने 6 साल के लिए अनंत सिंह को निकाला
एमएलसी चुनाव के दौरान जेडीयू कैंडिडेट नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच खींचतान देखने के लिए मिली थी. दोनों एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी करते दिखे. इसके बाद अनंत सिंह को पार्टी विरोधी बयानबाजी के मामले में 6 साल के लिए निकाल दिया गया. इसके साथ ही जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने उन्हें पार्टी से निकालने की लेटर लिखकर स्पीकर से मांग की थी. 2 अक्टूबर को विधानसभा की ओर से नोटिस अनंत सिंह को भेजा गया था और उन्हें अपना पक्ष रखने के लिए कहा था.
विधानसभा स्पीकर से किया था आग्रह
मिली जानकारी के अनुसार, पिछले दिनों विधानसभा स्पीकर से अनंत सिंह ने मुलाकात की थी. इस दौरान उन्होंने बेटी की शादी का न्योता उन्हें दिया था. इसके साथ ही जवाब देने के लिए कुछ और समय देने का भी आग्रह किया था. इस दौरान अनंत सिंह ने अपनी बेटी की शादी और व्यस्तता का हवाला दिया था. ऐसे में अब अनंत सिंह 30 नवंबर तक नोटिस का जवाब दे सकते हैं.
Also Read: पटना से पूर्णिया तक बिहार में बदला मौसम का मिजाज, छठ पर आसमान रहेगा साफ, जानिए अपने जिले का हाल