समाचार · मध्य प्रदेश
जमीन विवाद में पंचायत के बाद तनाव, हवाई फायर:शिवपुरी में चचेरे भाई को दी जान से मारने की धमकी, केस दर्ज
शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के सेसई सड़क गांव में जमीन विवाद को लेकर बुलाई गई पंचायत के बाद तनाव बढ़ गया। आरोप है कि एक युवक ने घर की छत पर चढ़कर बंदूक से हवाई फायर किया और अपने चचेरे भाई को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेसई सड़क निवासी 36 वर्षीय गुरप्रीत सिंह का अपने चचेरे भाइयों योधा सिंह सिख और कुलविंदर सिंह सिख से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी विवाद को सुलझाने के लिए 6 अगस्त की शाम करीब 5:30 बजे हरजीत सिंह के घर पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत में सुल्तान यादव, सुखप्रीत और अन्य लोग दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास कर रहे थे। घर की छत से किए हवाई फायर
फरियादी गुरप्रीत सिंह के अनुसार, पंचायत में बात नहीं बनने पर योधा सिंह गुस्से में वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह अपने घर की छत पर बंदूक लेकर पहुंचा। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए गुरप्रीत सिंह को जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान उसने हवाई फायर भी किया, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। गुरप्रीत सिंह ने वहां से निकलकर कोलारस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी योधा सिंह के खिलाफ गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और हवाई फायरिंग सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।