Friday, 7 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

समालखा में जहर निगलने से महिला की मौत:पुलिस पर परेशान करने का आरोप, परिजनों ने किया पोस्टमार्टम कराने से इनकार, हंगामा किया

INT News7 August 2026 at 04:53 pm

पानीपत जिले में समालखा क्षेत्र के बिलासपुर गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि महिला ने जहरीले पदार्थ निगलकर जान दी है। मृतका की पहचान बबली पत्नी नरेंद्र के रूप में हुई है। यह घटना जमीन विवाद से जुड़े एक मामले से संबंधित बताई जा रही है। महिला की मौत के बाद समालखा उपमंडल नागरिक अस्पताल में तनावपूर्ण माहौल बन गया, जहां परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए गंभीर आरोप लगाए। परिजनों का दावा- सुसाइड नोट लिखा, पुलिस पर लगाए आरोप महिला के भतीजे संदीप का दावा है कि बबली ने जहरीला पदार्थ खाने से पहले एक सुसाइड नोट लिखा था और एक वीडियो भी बनाया था। इसमें उसने थाना बापौली के कुछ पुलिसकर्मियों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, इन दावों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस ने इन्हें जांच का विषय बताया है। मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए समालखा नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौजूद थे। उन्होंने थाना बापौली के थाना प्रभारी, जांच अधिकारी सहित तीन लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। जेठानी दर्शना का भी आरोप है कि पुलिस ने मृतका के इकलौते बेटे कुलदीप को एक कथित झूठे मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। परिजनों ने स्पष्ट किया कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता और उनके बेटे को जेल से रिहा नहीं किया जाता, तब तक वे पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे। पुलिस पर लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद : थाना प्रभारी हंगामा देखते हुए बापौली थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए समालखा थाना प्रभारी महिपाल भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। दूसरी ओर, थाना बापौली प्रभारी पवन ने परिजनों के सभी आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि लगभग एक माह पहले जमीन विवाद के संबंध में महिला और उसके बेटे के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मामले में उच्च अधिकारियों के निर्देश पर मृतका के बेटे को गिरफ्तार किया गया है। थाना प्रभारी ने दोहराया कि पुलिस पर लगाए जा रहे सभी आरोप बेबुनियाद हैं और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।