समाचार · मध्य प्रदेश
खिलचीपुर से 30 शिवभक्त उज्जैन रवाना:160 किमी पैदल चलकर महाकाल को चढ़ाएंगे 21 कुओं-बावड़ियों का जल
राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में शुक्रवार को मेवाड़े समाज ने चिंता हरण महादेव कावड़ यात्रा निकाली। यात्रा में करीब 30 शिवभक्त 160 किलोमीटर पैदल चलकर उज्जैन के लिए रवाना हुए। श्रद्धालु गाड़गंगा नदी के साथ नगर के 21 कुओं और बावड़ियों का पवित्र जल लेकर बाबा महाकाल का जलाभिषेक करने जाएंगे। यात्रा दोपहर करीब 2 बजे मेवाड़े मोहल्ले से शुरू हुई। भगवान शिव के जयकारों और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालुओं को विधि-विधान से रवाना किया गया। समाज के लोगों ने पुष्पवर्षा कर कावड़ियों का स्वागत किया। 160 किलोमीटर पैदल चलकर उज्जैन पहुंचेंगे
पार्षद पति शंभू मेवाड़ ने बताया कि यात्रा में शामिल श्रद्धालु प्रतिदिन करीब 50 किलोमीटर पैदल चलेंगे। वे 160 किलोमीटर का सफर तय कर उज्जैन पहुंचेंगे। वहां बाबा महाकाल का जलाभिषेक कर क्षेत्र में सुख-समृद्धि, अच्छी वर्षा और सभी के मंगल की कामना करेंगे। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भजन-कीर्तन करती हुई नगर की सीमा तक कावड़ियों के साथ पहुंचीं। पूरे रास्ते 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयघोष गूंजते रहे। नगरवासियों ने जगह-जगह कावड़ियों का स्वागत किया और उनकी सफल यात्रा की कामना की। देखें कांवड़ यात्रा की तस्वीर…