Thursday, 20 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

ठेके में सेल्समैन के गले पर तलवार रखकर लूट:कैथल में लूटी शराब और हजारों की नकदी, पंजाब का आरोपी गिरफ्तार

INT News20 August 2026 at 05:49 pm

कैथल में पुलिस की स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने शराब ठेके पर लूटपाट करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर सेल्समैन के गले पर तलवार रखकर ठेके में लूट की थी। वे ठेके से शराब की विभिन्न पेटियां, गल्ले में रखी करीब 25 से 30 हजार रुपए की नकदी, सेल्समैन का आधार कार्ड व मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए थे। पकड़े गए आरोपी की पहचान गांव अन्दाना जिला संगरूर पंजाब निवासी नानक उर्फ नानकू के रूप में हुई है। चद्दर काटकर ठेके में घुसे गांव आधंली निवासी नवाब सिंह की शिकायत अनुसार उसके पास खरकां व तारावाली ग्रुप में सिद्धू वाईन के नाम से शराब के ठेके हैं। उसके डेरा महल सिंह सब-वैंड खरकां पर सतपाल निवासी गांव ढाठरथ, जिला जींद, पिछले करीब दो वर्षों से सेल्समैन के तौर पर कार्य कर रहा था। 4 जुलाई की रात करीब 1 बजे तीन अज्ञात युवक शराब ठेके की पिछली तरफ की टीन की चद्दर काटकर अंदर घुस गए। उस समय सेल्समैन ठेके के अंदर सो रहा था। कैमरों को भी तोड़ दिया आवाज सुनकर जब उसने उठकर देखा तो तीन युवक उसके सामने खड़े थे। इनमें से एक युवक के हाथ में तलवार थी। आरोपी ने सेल्समैन की गर्दन पर तलवार रखकर शोर करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद तीनों आरोपी ठेके से शराब की विभिन्न पेटियां, गल्ले में रखी करीब 25 से 30 हजार रुपये की नकदी, सेल्समैन का आधार कार्ड व मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। आरोपियों ने ठेके में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया तथा डीवीआर अपने साथ ले गए। पुलिस प्रवक्ता प्रवीन श्योकंद ने बताया कि इस बारे में थाना गुहला में मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट द्वारा करते आरोपी गांव अन्दाना जिला संगरूर पंजाब निवासी नानक उर्फ नानकु को गिरफ्तार कर लिया गया। व्यापक पूछताछ एवं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आरोपी नानक का अदालत से 6 दिन पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।