समाचार · हरियाणा
उचाना में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार:बाईपास पर किसी के इंतजार में खड़ा था; पुलिस ने की रेड
जींद जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए स्टाफ जींद ने उचाना से एक युवक को अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .32 बोर का एक अवैध पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। सीआईए स्टाफ जींद के इंचार्ज निरीक्षक यादवेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस टीम अपराधों की रोकथाम और गश्त के लिए उचाना बस अड्डे पर मौजूद थी। इसी दौरान उन्हें एक मुखबिर से सूचना मिली कि पंडिता का ढाबा मिनी बाईपास रोड उचाना के पास एक युवक अवैध हथियार लेकर किसी का इंतजार कर रहा है।
सूचना को विश्वसनीय मानते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को काबू कर लिया। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान उचाना कलां निवासी मनदीप के रूप में बताई। नियमानुसार तलाशी लेने पर पुलिस ने उसके कब्जे से .32 बोर का एक अवैध पिस्तौल और उसके अंदर एक जिंदा कारतूस बरामद किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी मनदीप हथियार रखने संबंधी कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने पिस्तौल और कारतूस को कब्जे में लेकर सील कर दिया। आरोपी के खिलाफ थाना उचाना में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)-54-59 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। जींद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अवैध हथियार रखने या किसी आपराधिक गतिविधि से संबंधित कोई भी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि अवैध हथियार रखना या उनका इस्तेमाल करना कानूनन अपराध है और ऐसे तत्वों के खिलाफ उनका अभियान लगातार जारी रहेगा।