Thursday, 20 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

गुरुग्राम में वेंडर्स के लिए बनेगा स्मार्ट सिस्टम:अवैध मंडियां और खोखे हटेंगे, 37 वेंडिंग जोन तय; निगम चलाएगा अभियान

INT News20 August 2026 at 06:37 pm

गुरुग्राम जिले का मानेसर नगर निगम आज से अवैध सब्जी मंडियों और निर्धारित वेंडिंग जोन से बाहर लगने वाली रेहड़ियों व खोखों के खिलाफ सघन अभियान शुरू कर रहा है। संयुक्त आयुक्त पुनीत कुमार ने प्रवर्तन शाखा के अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निजी भूमि पर लगने वाली साप्ताहिक और दैनिक सब्जी मंडियों को भी हटाया जाएगा। यह कार्रवाई तब तक जारी रहेगी जब तक अवैध रेहड़ियों और मंडियों को पूरी तरह से हटा नहीं दिया जाता। निगम क्षेत्र में अब वेंडर्स केवल चिन्हित वेंडिंग जोन में ही व्यापार कर सकेंगे। वेंडर्स के लिए स्मार्ट वेंडिंग सॉल्यूशन तैयार संयुक्त आयुक्त लोकेश यादव ने बताया कि निगम वेंडर्स के लिए एक स्मार्ट वेंडिंग सॉल्यूशन तैयार कर रहा है। इस व्यवस्था के तहत, प्रत्येक वेंडर को निगम की ओर से पहचान पत्र और एक यूनिक कोड प्रदान किया जाएगा। बैंकों के सहयोग से एक मोबाइल एप भी विकसित किया जाएगा, जिसके माध्यम से वेंडर अपनी मासिक फीस स्वयं जमा कर सकेंगे। इस एप में सभी वेंडिंग जोन की जीपीएस लोकेशन दर्ज होगी और निर्धारित स्थान पर पहुंचने के बाद ही फीस जमा करने का विकल्प उपलब्ध होगा। निगम क्षेत्र में 37 वेंडिंग जोन चिन्हित निगम क्षेत्र में कुल 37 वेंडिंग जोन चिन्हित किए गए हैं। इनमें मानेसर सामुदायिक भवन के पास 100, नखड़ौला में 150, भांगरौला में 100, सेक्टर-89 में 20, हरसरू में 30, सेक्टर-83 में 30, नौरंगपुर में 50 और क्रिकेट स्टेडियम के पास 20 तथा कासन में 40 वेंडर्स के लिए स्थान शामिल हैं। क्षमता के अनुसार वेंडर्स को स्थान देंगे एचएसआईआईडीसी क्षेत्र में भी विभिन्न स्थानों पर वेंडिंग जोन बनाए गए हैं। इनमें सेक्टर-1 मार्केट के पीछे 40, आईएमटी चौक पर 50, सेक्टर-2 नाहरपुर कासन में 300, नाहरपुर कासन प्रवेश मार्ग पर 30, आईएमटी सेक्टर-3 में 30, सेक्टर-7 में शंकर की ढाणी के पास 400 सहित अन्य स्थानों पर भी वेंडर्स के लिए जगह निर्धारित की गई है। निगम के अनुसार, इन स्थानों के अलावा चिन्हित अन्य वेंडिंग जोन में भी निर्धारित क्षमता के अनुसार वेंडर्स को स्थान दिया जाएगा।