Thursday, 20 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

पुलिस ने 48 घंटे में 5 तस्कर पकड़े:117 किलो डोडाचूरा जब्त, ₹3.94 लाख का माल बरामद

INT News20 August 2026 at 06:43 pm

नीचम जिले की मनासा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर मादक पदार्थ तस्करी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए पांच अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से कुल 117.54 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया है। मनासा थाना प्रभारी निलेश अवस्थी ने बताया कि पहली कार्रवाई 18 अगस्त को की गई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर सोमदत्त उर्फ सोमू और सरबजीत सिंह उर्फ बब्बू (दोनों निवासी फजिल्का, पंजाब) को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके बैगों से 59.740 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया गया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले का मुख्य आरोपी सुरजीत सिंह (निवासी जलालाबाद, पंजाब) अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। अगले ही दिन, 19 अगस्त को पुलिस ने दूसरी कार्रवाई को अंजाम दिया। इसमें सतनाम सिंह, राजबिंद सिंह (दोनों निवासी मानसा, पंजाब) और राजप्रीत सिंह उर्फ टीनू (निवासी श्री गंगानगर, राजस्थान) को हिरासत में लिया गया। आरोपियों के कब्जे से 57.800 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह डोडाचूरा अपने उपयोग और आगे सप्लाई के लिए ले जा रहे थे। थाना प्रभारी निरीक्षक नीलेश अवस्थी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद सभी गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। एसपी राजेश व्यास, एएसपी हेमलता अग्रवाल और एसडीओपी शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम अब रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से तस्करी के मुख्य नेटवर्क, डोडाचूरा की खरीद और सप्लाई के ठिकानों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। ये सामान किया जब्त दोनों कार्रवाइयों में कुल 117.54 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया गया, जिसका अनुमानित मूल्य ₹3,10,000 है। इसके अतिरिक्त, चार एंड्रॉइड स्मार्टफोन भी बरामद किए गए, जिनकी कीमत ₹84,100 आंकी गई है। इस प्रकार, जब्त की गई कुल सामग्री का मूल्य लगभग ₹3,94,100 है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सोमदत्त, सरबजीत सिंह, सतनाम सिंह, राजबिंदर सिंह और राजप्रीत सिंह शामिल हैं।