Thursday, 5 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

बीजेपी की ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ रैली:सीएम साय बोले - हार का ठीकरा EVM और चुनाव आयोग फोड़ती है कांग्रेस

INT News5 November 2026 at 09:59 pm

राजधानी रायपुर में गुरूवार को बीजेपी ने ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ पदयात्रा और बड़ी रैली निकाली। सुभाष स्टेडियम में हुए इस आयोजन में भाजपा के मुताबिक 10 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और आम लोग शामिल हुए। रैली में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत पार्टी के कई बड़े नेता मौजूद रहे। सभी ने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर लोगों के बीच भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। कांग्रेस सत्ता के लिए देश का विरोध कर रही है : CM साय सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन के नेता सत्ता में आने और प्रधानमंत्री बनने की चाह में नरेंद्र मोदी का विरोध करते-करते अब देश का विरोध करने लगे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष जनता की चुनी हुई सरकार को गिराने और देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और यहां लोकतंत्र की जड़ें बहुत मजबूत हैं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब पार्टी चुनाव हारती है तो ईवीएम और चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराती है, लेकिन जीतने पर उसे यही चुनाव आयोग सही लगने लगता है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, कांग्रेस का यह रवैया उसके दोहरे मापदंड को दिखाता है।

नेहरू के प्रधानमंत्री बनने पर भी उठाए सवाल मुख्यमंत्री साय ने आजादी के बाद प्रधानमंत्री के चयन का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय कांग्रेस के 12 नेता सरदार वल्लभभाई पटेल को प्रधानमंत्री बनाना चाहते थे, जबकि जवाहरलाल नेहरू के पक्ष में कोई नेता नहीं था। इसके बावजूद नेहरू प्रधानमंत्री बने। मुख्यमंत्री ने इसी उदाहरण के जरिए कांग्रेस पर वोट और लोकतंत्र को लेकर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में प्रदेश के सभी जिलों में ऐसी पदयात्राएं निकाली जा रही हैं, ताकि कांग्रेस की राजनीति को जनता के सामने रखा जा सके। 148 करोड़ जनता लोकतंत्र की रक्षा के लिए सजग : किरण देव भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि यह पदयात्रा सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा के लिए चलाया जा रहा अभियान है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक देश पर शासन करने वाली कांग्रेस अब कुछ ही राज्यों तक सिमटकर रह गई है। भारत में लोकतंत्र की जड़ें मजबूत हैं और देश की 148 करोड़ जनता इसकी रक्षा के लिए सजग है। उन्होंने भी कांग्रेस पर चुनाव हारने के बाद ईवीएम और चुनाव आयोग पर सवाल उठाने और जीतने पर उसी व्यवस्था को स्वीकार करने का आरोप लगाया। भारत को अस्थिर करने की कोशिश सफल नहीं होगी : बृजमोहन अग्रवाल भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि कुछ लोग दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विदेशों में बैठे कुछ समूह और नेता भारत को नेपाल और बांग्लादेश जैसा बनाने की धमकी दे रहे हैं। अग्रवाल ने कहा कि देश की जनता ऐसी सोच को कभी स्वीकार नहीं करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जनता का लगातार समर्थन मिल रहा है और देश को अस्थिर करने की कोशिशें सफल नहीं होंगी। कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि हुए शामिल इस रैली का आयोजन भाजपा रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर और रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्याम नारंग के नेतृत्व में किया गया। इसमें कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, गुरु खुशवंत साहेब, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, विधायक राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू और सांसद बृजमोहन अग्रवाल समेत कई जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।