समाचार · झारखंड
हजारीबाग में पुलिस और प्रिंस खान गैंग के बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक अपराधी घायल

बड़कागांव से संजय सागर की रिपोर्ट
बड़कागांव: हजारीबाग जिले में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को सफलता मिली है. गुरुवार देर रात बड़कागांव थाना क्षेत्र के 13 माइल ट्रांसपोर्टिंग रोड के पास पुलिस और प्रिंस खान गैंग से जुड़े संदिग्ध अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई. मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गए. घायल अपराधी को पुलिस अभिरक्षा में तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.
पुलिस को मिली थी गुप्त सूचना
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अमन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गैंग से जुड़े अपराधी किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं. इसके बाद उन्होंने तत्काल जिले के संवेदनशील क्षेत्रों और प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती कर विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया. बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह अपनी टीम के साथ जंगल क्षेत्र में सर्च अभियान चला रहे थे. इसी दौरान अपराधियों का पुलिस से सामना हो गया. पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने पहले फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की. इस दौरान एक अपराधी घायल हो गया.
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले एनटीपीसी की हाईवा गाड़ी पर हुई फायरिंग की घटना के बाद से पुलिस लगातार गैंग की गतिविधियों पर नजर रख रही थी. इस मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने कहा कि जिले में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है. कानून को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें.