समाचार · मध्य प्रदेश
दमुआ में झोलाछाप डॉक्टरों पर कार्रवाई, दो क्लीनिक सील:दवाइयां जब्त, महिला की मौत के बाद से लगातार हो रही थी जांच
छिंदवाड़ा के जुन्नारदेव अनुभाग के दमुआ और घोड़ावाड़ी क्षेत्र में बुधवार देर शाम तक प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान बिना वैध दस्तावेजों के संचालित हो रही कई क्लीनिकों को सील कर दिया गया। टीम ने मौके से बड़ी मात्रा में दवाइयां और गोलियां भी बरामद की हैं। हाल की एक संदिग्ध इलाज से जुड़ी महिला की मौत के मामले के बाद स्वास्थ्य विभाग लगातार ऐसे क्लीनिकों पर कार्रवाई कर रहा है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई यह कार्रवाई नायब तहसीलदार और ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुरेश नागवंशी के नेतृत्व में की गई। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने दमुआ और घोड़ावाड़ी क्षेत्र में संचालित क्लीनिकों की जांच की और उनके दस्तावेजों का सत्यापन किया। वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके संचालक जांच के दौरान कई क्लीनिक संचालक अपने क्लीनिक के संचालन से जुड़े आवश्यक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। नियमों का पालन नहीं होने पर टीम ने मौके पर ही संबंधित क्लीनिकों को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में दवाइयां और गोलियां भी बरामद की गईं, जिन्हें जांच के लिए जब्त किया गया। कार्रवाई से मचा हड़कंप अचानक हुई इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रूप से क्लीनिक संचालित करने वालों में हड़कंप मच गया। कई जगह संचालकों ने टीम को देखकर अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति इलाज करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। शिकायत मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुरेश नागवंशी ने बताया कि क्षेत्र में झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जाएगा। यदि किसी भी स्थान पर बिना अनुमति इलाज किए जाने की जानकारी मिलती है तो आम नागरिक इसकी शिकायत स्वास्थ्य विभाग को दे सकते हैं। शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। महिला की मौत के बाद बढ़ी सख्ती गौरतलब है कि कुछ दिन पहले कथित झोलाछाप डॉक्टर से इलाज कराने के बाद एक महिला की मौत का मामला सामने आया था। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। जिलेभर में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों की लगातार जांच की जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।