Thursday, 30 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

सागर में हाईवे पर चलते कंटेनर में लगी आग:लपटे उठती देख ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान, चित्री से पेपर रोल लेकर आगरा जा रहा था

INT News30 July 2026 at 07:42 am

नेशनल हाईवे-44 पर सागर-देवरी मार्ग के बीच चीमाढाना के पास बुधवार रात चलते ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। ट्रक से आग की तेज लपटें उठती देख चालक ने तुरंत वाहन सड़क किनारे खड़ा किया और कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही पुलिस और नगर पालिका देवरी की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में ट्रक का आगे का हिस्सा जल गया। घटना के दौरान हाईवे पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और लंबा जाम लगा रहा। चलते ट्रक से उठीं आग की लपटें जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक एनएल-01 एजी-9567 बुधवार रात नेशनल हाईवे-44 पर सागर से देवरी की ओर चीमाढाना के पास पहुंचा था। तभी अचानक ट्रक के अगले हिस्से से आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई और पूरे अगले हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। त्रिची से आगरा जा रहा था ट्रक ट्रक चालक प्रेम ने बताया कि वह त्रिची से पेपर रोल लेकर आगरा जा रहे थे। रास्ते में चीमाढाना के पास अचानक ट्रक की वायरिंग से चिंगारियां निकलने लगीं और देखते ही देखते आग भड़क गई। आग बढ़ती देख उन्होंने बिना देर किए ट्रक सड़क किनारे खड़ा किया और नीचे उतर गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही पहुंची फायर ब्रिगेड घटना के तुरंत बाद चालक ने फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नगर पालिका देवरी की फायर फाइटर टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी देर तक मशक्कत कर आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लेने से ट्रक में भरे पेपर रोल को बड़े नुकसान से बचाने का प्रयास किया गया, हालांकि ट्रक का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हाईवे पर लगा रहा जाम आग लगने के कारण नेशनल हाईवे-44 पर करीब एक घंटे तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और घटना का पंचनामा तैयार किया। इसके बाद क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क से हटवाया गया, जिससे हाईवे पर यातायात दोबारा सामान्य हो सका। वायरिंग में आग लगने की आशंका प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक की वायरिंग में खराबी के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।