समाचार · मध्य प्रदेश
शाजापुर में तंत्र-मंत्र के जाल में फंसी नर्स से दुष्कर्म:अश्लील VIDEO से ब्लैकमेल कर ₹4.10 लाख-जेवर हड़पे; आरोपी से ट्रेन में हुई थी पहचान
शाजापुर जिला अस्पताल में पदस्थ तीन महिला नर्सों को तंत्र-मंत्र और जादू-टोने के नाम पर अपने जाल में फंसाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक नर्स को परिवार पर संकट और मौत का डर दिखाकर आरोपी ने कई बार दुष्कर्म किया, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया। मामले में पीड़िता ने बुधवार रात 11 बजे शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उससे ₹4.10 लाख नकद, सोने का मंगलसूत्र और बाद में उसकी एक्टिवा भी हड़प ली। पीड़िता की दो अन्य सहकर्मी नर्सों के साथ भी आरोपी ने अशोभनीय हरकत करने का प्रयास किया गया। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम रवाना हुई। आरोपी से ट्रेन में हुई थी नर्स की पहचान पुलिस के अनुसार, पीड़िता जिला अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के रूप में कार्यरत है। शिकायत में उसने बताया कि 3 जुलाई को जबलपुर से शाजापुर लौटते समय भोपाल में ट्रेन में उसकी मुलाकात बड़नगर निवासी राजू से हुई। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को तंत्र-मंत्र और "धागा" बनाने वाला बताया। परिवार की परेशानियों का जिक्र होने पर उसने विशेष डोरा बनवाने की सलाह देकर विश्वास में लिया। परिवार पर संकट का डर दिखाकर किया रेप पीड़िता के अनुसार, अगले दिन आरोपी उसके शाजापुर स्थित किराए के मकान पर पहुंचा। उसने कहा कि धागा बनाने की प्रक्रिया के लिए कपड़े उतारना जरूरी है, अन्यथा उसके माता-पिता, बहन और अन्य परिजनों की मौत हो जाएगी। डर के कारण वह उसकी बातों में आ गई। बाद में आरोपी ने जादू-टोने का हवाला देकर कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी पीड़िता को जावरा स्थित हुसैन टेकरी और अजमेर भी ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि उसने परिवार की परेशानियां दूर करने के नाम पर पीड़िता पर अन्य युवकों से संबंध बनाने का दबाव भी बनाया। इसी दौरान एक अन्य युवक को घर लाकर उसके साथ भी दुष्कर्म कराया गया। अश्लील VIDEO बनाकर करता रहा ब्लैकमेल पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने दुष्कर्म के दौरान उसके अश्लील वीडियो बना लिए। बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करता रहा और उससे ₹4.10 लाख नकद, सोने का मंगलसूत्र और एक्टिवा भी ले ली। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि आरोपी ने तंत्र-मंत्र के जरिए परिवार की सभी परेशानियां खत्म करने का झांसा दिया। उसने कहा कि यदि उसके नाम से एक बस खरीदी जाए तो परिवार पर आया संकट टल जाएगा। इसी बहाने आरोपी ने किस्तों में पीड़िता से ₹4.10 लाख नकद और सोने का मंगलसूत्र ले लिया। बाद में उसने ₹50 हजार और मांगे और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया। 28 जुलाई को आरोपी पीड़िता की एक्टिवा और उसके दस्तावेज भी अपने साथ ले गया। थाना प्रभारी बोले- आरोपी की तलाश जारी पीड़िता ने बताया कि 21 जुलाई को उसने अपनी दो सहकर्मी नर्सों को घर बुलाया था। आरोप है कि आरोपी ने दोनों महिलाओं के साथ भी अशोभनीय हरकत करने की कोशिश की। इससे घबराकर दोनों वहां से चली गईं। इसके बाद पीड़िता को एहसास हुआ कि वह धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग का शिकार हुई है। तीनों महिलाएं लालघाटी थाने पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी अर्जुन सिंह मुजाल्दे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।