Saturday, 31 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें::AAP उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी, मान सरकार से हाईकोर्ट नाराज, दिल्ली कॉन्सर्ट में दिलजीत दोसांझ का CJP को जवाब

INT News31 October 2026 at 05:55 pm

नमस्कार, पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़ी रही। AAP ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। सूची में सभी मौजूदा विधायकों के नाम हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान धूरी सीट से ही चुनाव लड़ेंगे। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें… इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. AAP ने जेल में बंद मंत्री को भी टिकट दिया आम आदमी पार्टी (AAP) ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। सूची में सभी मौजूदा विधायकों के नाम हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान धूरी सीट से ही चुनाव लड़ेंगे। जेल में बंद मंत्री संजीव अरोड़ा को लुधियाना वेस्ट से उम्मीदवार बनाया है। लिस्ट में वित्तमंत्री हरपाल चीमा का नाम नहीं है। उनका नाम संगरूर के तूरबंजारा के गुलजार सुसाइड केस में उछला था, हालांकि यहां से किसी दूसरे उम्मीदवार के नाम का भी ऐलान नहीं किया गया है। पंजाब की मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल मार्च 2027 में समाप्त हो रहा है। इससे पहले राज्य में विधानसभा चुनाव होने हैं। पंजाब में कुल 117 विधानसभा सीटें हैं, जिनमें से 94 पर आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक हैं। (पढ़ें पूरी खबर) 2. दिलजीत बोले- पंजाबियों को मत बताओ कि लड़ना कैसे है पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ ने शुक्रवार रात दिल्ली कॉन्सर्ट में कॉकरोच जनता पार्टी के लोगों को जवाब दिया। दिलजीत ने कहा कि मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन पर बनी फिल्म ‘सतलुज’ का मजाक उड़ाया गया। उन्होंने कहा कि पंजाबियों को मत सिखाओ कि लड़ाइयां कैसे लड़नी हैं। बिना किसी का नाम लिए दिलजीत ने कहा कि जिस फिल्म का आप लोग स्टेज पर खड़े होकर मजाक उड़ा रहे हो, उसके लिए उन्होंने लंबी लड़ाई लड़ी है। मैं सभी को सपोर्ट करता हूं। खालड़ा के जीवन पर बनी ‘सतलुज’ पर रोक लगाने से कुछ नहीं होने वाला। कोई हमसे नफरत करता है तो करे, मैं तो सभी से प्यार करता हूं। मेरा सभी को आई लव यू है। वहीं सीजेपी फाउंडर अभिजीत दीपके ने दिलजीत की आलोचना पर सफाई दी है। उन्होंने लिखा, ‘दिलजीत पाजी के नाम, पाजी जून में जब हम विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, तब आपके कमेंट से मुझे थोड़ा दुख हुआ था। (पढ़ें पूरी खबर) 3. छात्रा से रेप, प्रेग्नेंट हुई; सहेली के घर गई थी चंडीगढ़ में 6वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा से रेप किया गया। वह मोहाली में सहेली के घर गई थी। यहीं पर सहेली के दोस्त ने पहले उसे कोल्डड्रिंक में शराब मिलाकर पिलाई। जब वह बेसुध हो गई तो उसके साथ रेप किया। करीब 6 महीने बाद पेट में तेज दर्द होने पर परिवार उसे अस्पताल लेकर पहुंचा। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि छात्रा प्रेग्नेंट है। इसके बाद परिवार ने चंडीगढ़ पुलिस को शिकायत दी। चंडीगढ़ पुलिस ने मोहाली पुलिस को केस ट्रांसफर किया। इसके बाद पुलिस ने मोहाली के रहने वाले आरोपी सुमित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। अभी तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरोपी की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। (पढ़ें पूरी खबर) 4. LPU में छात्रा से रेप की बात अफवाह निकली पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में 26 सितंबर को हुई हिंसा की वजह बनी हॉस्टल में छात्रा से रेप की घटना पुलिस जांच में अफवाह निकली है। पंजाब पुलिस को जांच में इस घटना का कोई सबूत नहीं मिला। पुलिस ने मामले की जांच पूरी कर कैंसिलेशन रिपोर्ट तैयार कर ली है, जिसे अब अदालत में दाखिल किया जाएगा। पंजाब पुलिस ने इस संबंध में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में हलफनामा भी दाखिल किया है। पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) बनाई थी। जांच के दौरान 50 से अधिक लोगों के बयान दर्ज किए गए। इसके अलावा यूनिवर्सिटी परिसर और हॉस्टल में लगे सीसीटीवी कैमरों की दो सप्ताह की फुटेज भी खंगाली गई। जांच में न तो रेप की घटना का कोई सबूत मिला और न ही कथित पीड़िता की पहचान हो सकी। पुलिस के अनुसार, किसी को यह तक पता नहीं था कि कथित पीड़िता कौन है और उसका नाम-पता क्या है। जांच में सामने आया कि यूनिवर्सिटी की एक छात्रा ने हॉस्टल में रेप होने की बात सुनी थी। इसके बाद उसने यह मैसेज दूसरे लोगों के साथ शेयर किया। कुछ लोगों ने इस मैसेज को वायरल कर दिया, जिससे छात्रों में गुस्सा फैल गया और प्रदर्शन हिंसक हो गया। (पढ़ें पूरी खबर) 5. हाईकोर्ट ने पूछा- सरकार के पास 520 रुपए भी नहीं? पंजाब के कर्मचारियों और पेंशनरों के महंगाई भत्ते (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) के बकाया भुगतान के मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने राज्य सरकार पर सख्त टिप्पणी की है। कोर्ट ने कहा कि सरकार कर्मचारियों को उनके कानूनी अधिकारों से वंचित नहीं रख सकती। सुप्रीम कोर्ट में अपील की प्रक्रिया पूरी करने में हो रही देरी पर सवाल उठाते हुए कोर्ट ने पूछा कि क्या पंजाब सरकार के पास 520 रुपए भी नहीं हैं? हाईकोर्ट डीए-डीआर के बकाया भुगतान से जुड़े मामले की सुनवाई कर रहा था। कोर्ट ने पहले पंजाब सरकार को कर्मचारियों और पेंशनरों के बकाया भुगतान के संबंध में निर्देश दिए थे। सरकार ने इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी, लेकिन अपील की प्रक्रिया रजिस्ट्री की आपत्तियों के कारण आगे नहीं बढ़ सकी। हाईकोर्ट ने इस देरी पर नाराजगी जताई। कोर्ट ने 520 रुपए की कोर्ट फीस से जुड़ी कमी का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि इतनी छोटी राशि और औपचारिकता के कारण अपील की प्रक्रिया क्यों अटकी हुई है। कोर्ट ने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। (पढ़ें पूरी खबर) 6. थार पलटी, 4-5 पलटियां खाईं, युवक की मौत चंडीगढ़ के सेक्टर-16 और 17 को जोड़ने वाली सड़क पर शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार थार बेकाबू होकर पहले पेड़ से टकराई और फिर पलटियां खाते हुए सड़क पर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी ने 4 से 5 पलटियां खाईं और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। थार में सवार 2 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को काफी मशक्कत के बाद गाड़ी से बाहर निकाला गया। घायलों में साहिल नाम के युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त हिमांशु घायल है। पुलिस के अनुसार, हादसे के समय थार में दो युवक सवार थे। मृतक साहिल हरियाणा के रोहतक का रहने वाला था। वहीं, उसका दोस्त हिमांशु (22) बिहार का रहने वाला है। हिमांशु चंडीगढ़ के माली क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा था और एक आईटी कंपनी में नौकरी करता है। (पढ़ें पूरी खबर) 7. एयरपोर्ट पर ई-चिप पासपोर्ट वालों को फेस स्कैन एंट्री अमृतसर में स्थित श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अब अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए भी डिजीयात्रा सुविधा शुरू होने जा रही है। एयरपोर्ट पर 1 नवंबर 2026 से इस सुविधा का लाइव ट्रायल शुरू किया जाएगा। इसके बाद ई-चिप युक्त पासपोर्ट रखने वाले भारतीय अंतरराष्ट्रीय यात्री चेहरे की पहचान के जरिए एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में प्रवेश कर सकेंगे। इससे यात्रियों को प्रवेश के दौरान होने वाली प्रक्रिया में आसानी होगी और उनका समय भी बचेगा। (पढ़ें पूरी खबर) 8. भाभी चुम्मेवाली के पति-बेटी की पिटाई मामले में FIR लुधियाना की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रंजीत कौर उर्फ भाभी चुम्मेवाली के पति और बेटी की पिटाई के मामले में थाना मोती नगर की पुलिस ने 3 लोगों पर FIR दर्ज की है। रंजीत कौर की बेटी की शिकायत पर पुलिस ने उसके चाचा-चाची और चचेरे भाई पर मामला दर्ज किया है। रंजीत कौर का आरोप है कि उन्हें गली में दौड़ाया गया। उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए। इसका CCTV फुटेज भी उनके पास है। (पढ़ें पूरी खबर) 9. दलजीत मौत मामले में हाईकोर्ट पहुंचा परिवार पंजाब के मानसा जिले के भम्मे कलां गांव में नशे की ओवरडोज से युवक दलजीत सिंह की मौत के बाद पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठे हैं। परिजनों का आरोप है कि शव लेकर प्रदर्शन करने जा रहे लोगों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और शव अपने कब्जे में ले लिया। परिवार का दावा है कि 3 दिन से शव की जानकारी नहीं दी गई। मामले में दलजीत की बहन अमरजीत कौर ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर CBI जांच, PGI चंडीगढ़ के स्वतंत्र डॉक्टरों के बोर्ड से दोबारा पोस्टमार्टम और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। शनिवार को तत्काल सुनवाई की मांग पर कोर्ट ने सोमवार की तारीख तय की। सरकार ने कोर्ट को बताया कि फिलहाल शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। (पढ़ें पूरी खबर) खबर हटके 10. पैसे नहीं दिए तो घर पर हमला किया, छत गिरी जालंधर के करतारपुर में नशा तस्कर युवकों ने कारपेंटर को घेरकर लूटपाट की और विरोध करने और पुलिस शिकायत दर्ज कराने पर उसके घर पर हमला बोल दिया। नशा तस्कर अपने साथ 40 से ज्यादा युवक लेकर आए और पीड़ित के घर पर ईंट-पत्थर और कृपाणों से हमला किया, जिससे घर की छत तक गिर गई। हमले के बाद पीड़ित ने कहा कि पुलिस की ढिलाई के कारण बेखौफ बदमाशों ने मेरे चाचा का अपहरण कर लिया और उनके साथ मारपीट की। इस हमले में चाचा की एक आंख की रोशनी पर गंभीर असर पड़ा है और बाजू टूट गई। (पढ़ें पूरी खबर) (कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)