Saturday, 31 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

सिरसा के बुजुर्ग से दोस्ती कर 3.93 लाख ठगे:महिला ने विदेश से गिफ्ट भेजने का दिया झांसा, पुलिस द्वारा रोकने का बनाया बहाना

INT News31 October 2026 at 05:47 pm

सिरसा जिले में एक रिटायर्ड बुजुर्ग से फेसबुक पर फ्रेंड बनी विदेशी महिला द्वारा ठगी मामले में पुलिस ने आरोपी का पता लगा लिया है। आरोपी इस ठगी में संलिप्त है और इसी के खाते में रकम डाली गई थी, जो खाते से निकाल ली गई। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है। पुलिस के अनुसार, रिटायर बुजुर्ग से सोशल मीडिया पर दोस्ती की आड़ में महिला ने ठगी कर ली। फेसबुक पर महिला मित्र ने विदेश से होने का दावा किया और कुछ दिनों तक मोह के जाल में झांसे में ले लिया। वह बुजुर्ग से कई दिनों तक बात करती रही। बुर्जुग ने महिला मित्र से मिलने की इच्छा जताई। इस पर महिला मित्र ने यहां न आ पाने का बहाना बना लिया, परंतु बुजुर्ग के लिए एक गिफ्ट भेजने का दावा किया। बुजुर्ग इस गिफ्ट के लिए बार-बार पूछता रहा और उसे एयरपोर्ट व पुलिस जांच के चलते कुछ तकनीकी दिक्कतों का कारण बताती रही। इस तरह महिला मित्र बुजुर्ग से गिफ्ट भेजने के नाम पर बार-बार पैसे डलवाती रही और अपने खाते में करीब तीन लाख से ज्यादा की रकम डलवा ली। आखिर में बुजुर्ग को शक हुआ कि उसके साथ ठगी हो गई। भादड़ा का रहने वाला है बुजुर्ग आरोप है कि फेसबुक पर विदेशी महिला के नाम से दोस्ती कर गांव भादड़ा निवासी एक रिटायर्ड बुजुर्ग को अपने जाल में फंसाया और विदेश से गिफ्ट भेजने का झांसा देकर 3 लाख 93 हजार 700 रुपये की चपत लगा दी। बुजुर्ग ने शिकायत देकर बताया था कि फेसबुक पर उसकी दोस्ती 'जेनी विलो' नाम की महिला से हुई थी। कुछ समय बातचीत करने के बाद कथित महिला ने विदेश से गिफ्ट भेजने की बात कही। मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने 23 अक्टूबर को आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया और आज शनिवार को पुलिस आरोपी अमित कुमार पुत्र दुखरण को गिरफ्तार किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड लिया है। जांच में एसबीआई का मिला खाता

जांच के दौरान ठगी में इस्तेमाल किया गया एसबीआई का खाता अमित कुमार के नाम पर मिला। पुलिस ने बैंक खाते और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से गांव विश्फी, जिला मधुबनी (बिहार) का रहने वाला है और फिलहाल सरदारपुर, गौतम बुद्ध नगर, नोएडा में रह रहा था।