समाचार · मध्य प्रदेश
नीमच में 350 NCC कैडेट्स ने यूनिटी मार्च निकाला:सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर एकता की शपथ ली
नीमच में शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस पर 350 से अधिक एनसीसी कैडेट्स ने यूनिटी मार्च निकाला। मार्च में नीमच, मनासा और जावद के शिक्षण संस्थानों के कैडेट्स शामिल हुए। मार्च श्री सीताराम जाजू कन्या महाविद्यालय से शुरू हुआ और शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए सीआरपीएफ रोड स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा तक पहुंचा। कैडेट्स ने हाथों में तिरंगा लेकर एकता के नारे लगाए।
प्रतिमा पर कैडेट्स और प्रशासनिक अधिकारियों ने माल्यार्पण किया। इसके बाद सभी ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ ली। कैडेट्स ने मानव श्रृंखला बनाकर सामाजिक और वैचारिक दूरियां मिटाने का संदेश दिया। 5 एमपी एनसीसी बटालियन के लेफ्टिनेंट कर्नल अक्षत बक्शी ने कैडेट्स को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि सरदार पटेल ने 550 से अधिक रियासतों का विलय कर अखंड भारत बनाया था। उन्होंने युवाओं से जाति, धर्म और भाषा से ऊपर उठकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने सरदार पटेल के विचारों को जीवन में अपनाने की बात कही। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कहा कि देश में शांति, भाईचारा और सामाजिक सद्भाव बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम स्थानीय प्रशासन और शिक्षा विभाग के सहयोग से हुआ।