समाचार · उत्तर प्रदेश
AMU Election Result: 8 साल बाद हुए AMU छात्रसंघ चुनाव में नोमान अशरफ बने अध्यक्ष, नसरा ने रचा इतिहास, जानें किसे कितने वोट मिले

AMU Election Result: अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) में आठ साल के लंबे इंतजार के बाद छात्रसंघ चुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं. अध्यक्ष पद पर आर्ट्स फैकल्टी के पीएचडी छात्र नोमान अशरफ ने शानदार जीत दर्ज की है. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मोहम्मद इंतिखाब को 4121 वोटों से हराया. वहीं, उपाध्यक्ष पद पर नसरा नईम ने जीत हासिल कर इतिहास रच दिया है. एएमयू के छात्रसंघ चुनाव में पहली बार किसी छात्रा को उपाध्यक्ष चुना गया है.
नोमान अशरफ के भाषण में छाए ये मुद्दे
चुनाव प्रचार के दौरान नोमान अशरफ का फाइनल भाषण काफी चर्चा में रहा. उन्होंने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, शरजील इमाम, उमर खालिद और आफरीन फातिमा जैसे नामों का जिक्र किया. उन्होंने उमर खालिद और शरजील इमाम से जुड़े मामलों की जल्द सुनवाई की मांग उठाई. नोमान ने कहा कि अगर उनके मामलों में सुनवाई में देरी होती है तो छात्रों की ओर से उनके समर्थन में आवाज उठाई जाएगी. उनके इस भाषण का वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा में है.
9 सूत्री एजेंडे के साथ मांगे थे वोट
नोमान अशरफ ने अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए छात्रों के सामने नौ सूत्री एजेंडा रखा था. उनका घोषणापत्र 21 पन्नों का था, जिसमें विश्वविद्यालय में बेहतर सुविधाओं और छात्रहित से जुड़े कई मुद्दे शामिल थे. इसमें छात्र सेवाओं, रिसर्च फेलोशिप, महिला विद्यार्थियों की सुरक्षा, प्लेसमेंट और विश्वविद्यालय के दूसरे केंद्रों से जुड़े सवाल उठाए गए थे. अब अध्यक्ष चुने जाने के बाद उनके सामने इन वादों को पूरा कराने और छात्रों की समस्याओं को विश्वविद्यालय प्रशासन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी होगी.
15 हजार से अधिक छात्रों ने किया मतदान
एएमयू में गुरुवार को हुए छात्रसंघ चुनाव में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. विश्वविद्यालय के कुल 20,754 मतदाताओं में से 15,523 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया. इस तरह मतदान का प्रतिशत 74.65 रहा. मतदान पूरा होने के बाद रात आठ बजे से मतगणना शुरू हुई. देर रात परिणाम घोषित किए गए. जीत के बाद नोमान अशरफ ने कहा कि परिसर में लोकतंत्र की वापसी से छात्र खुश हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि विद्यार्थियों से किए गए वादों को पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा.
अध्यक्ष पद पर किसे कितने वोट मिले
अध्यक्ष पद के चुनाव में नोमान अशरफ ने सबसे अधिक वोट हासिल किए. उम्मीदवारों को मिले मत इस प्रकार हैं.
नोमान अशरफ (विजेता) - 7,797 वोट
मोहम्मद इंतिखाब - 3,676 वोट
शरजील इकबाल - 1,807 वोट
मोहम्मद जुहैर अहमद - 1,274 वोट
अब्दुल वाहिद - 361 वोट
अस्मर फरीदी - 259 वोट
अमीना इरशाद - 136 वोट
शरजील मोहम्मद खान - 33 वोट
साहिल खान - 13 वोट
कौन हैं नोमान अशरफ और अन्य विजेता
नोमान अशरफ मूल रूप से बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं. वह एएमयू के इतिहास विभाग में पीएचडी के तीसरे वर्ष के विद्यार्थी हैं. वहीं, उपाध्यक्ष पद पर जीतने वाली नसरा नईम बीएएलएलबी की छात्रा हैं और लखनऊ की रहने वाली हैं. सचिव पद पर मोहम्मद हमदान निर्वाचित हुए हैं, जो बीटेक के विद्यार्थी हैं. करीब आठ साल बाद हुए इस चुनाव में नई छात्र नेतृत्व टीम के सामने अब विद्यार्थियों की उम्मीदों पर खरा उतरने की चुनौती है.
Must Read: Ayodhya Deepotsav: बिहार के कलाकार अयोध्या में बना रहे 220 टन का राम दरबार, 50 फीट की सैंड आर्ट देख रह जाएंगे हैरान