Saturday, 7 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

मंडी में व्यापारियों से ठगी का आरोपी पकड़ाया:140 टन मक्का खरीदकर हो गया था फरार; आरोपी के बैंक का 58 ग्राम गोल्ड कराया फ्रीज

INT News7 November 2026 at 07:51 am

गुना जिले के कुंभराज में मक्का खरीदी के नाम पर करीब 20 लाख रुपए की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने व्यापारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कुंभराज निवासी महेश शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने उससे 1 लाख 80 हजार रुपए नकद जब्त किए हैं। साथ ही बैंक में जमा 58 ग्राम सोने (कीमत करीब 6.5 लाख रुपए) पर होल्ड लगवाया है। आरोपी का मंडी लाइसेंस भी निरस्त करवाया गया है। 140 टन से ज्यादा मक्का खरीदी, भुगतान नहीं किया पुलिस के अनुसार, फरियादी देवेंद्र शर्मा निवासी कुंभराज ने 2 नवंबर 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि कुंभराज कृषि उपज मंडी में संचालित उनके अनाज गोदाम से व्यापारी महेश शर्मा की फर्म अभिषेक ट्रेडर्स को 22, 23 और 24 अक्टूबर को कुल 140 टन 160 किलोग्राम मक्का बेची गई थी। इसकी कीमत करीब 20 लाख रुपए थी। व्यापारी ने सात दिन में भुगतान करने का आश्वासन दिया था, लेकिन रकम देने से पहले ही 26 अक्टूबर से वह घर से फरार हो गया। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 229/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(4) और 316(5) में केस दर्ज कर जांच शुरू की। खटकिया से गिरफ्तार किया मामले में पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इसी दौरान उसके खटकिया में होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 1.80 लाख रुपए नकद जब्त किए गए। इसके अलावा बैंक में जमा 58 ग्राम सोने पर होल्ड लगवाने की कार्रवाई की गई। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।