समाचार · मध्य प्रदेश
टीकमगढ़ में कार पलटने से युवक की मौत:बर्थडे पार्टी से लौटते समय हादसा, 3 महीने पहले हुई थी शादी
टीकमगढ़ देहात थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में 25 साल के युवक की मौत हो गई। युवक सोमवार रात अपने दोस्त की बर्थडे पार्टी से लौट रहा था, तभी उसकी कार बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गई। जानकारी के मुताबिक, नगर परिषद कारी (वार्ड नंबर 15) के रहने वाले रवि सिंह (पिता सुरेंद्र सिंह घोष) पास के गांव मबइ में एक बर्थडे पार्टी में गए थे। देर रात घर लौटते समय कंचनपुरा गांव के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और खेतों में जा घुसी। कार करीब 200 फीट तक घिसटते और पलटते हुए खेत में जाकर गिरी, जिससे गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद रवि कार से बाहर निकलकर सड़क पर आए और वहीं बेहोश हो गए। गश्त कर रही पुलिस ने परिजन को दी खबर रात में देहात थाने की पुलिस पेट्रोलिंग टीम ने रवि को सड़क पर पड़े देखा। उसी वक्त रवि के फोन पर उसके घर से लगातार कॉल आ रहे थे। पुलिस ने फोन उठाकर परिवार को हादसे की जानकारी दी। खबर मिलते ही परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और रवि को जिला अस्पताल ले गए। तीन महीने पहले ही हुई थी शादी मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन के हवाले कर दिया गया। बताया जा रहा है कि रवि सिंह की शादी महज तीन महीने पहले ही हुई थी। इस घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर एक्सीडेंट की वजहों की जांच कर रही है।