sports
प्रो गोविंदा लीग के ब्रांड एंबेसडर बने सूर्यकुमार यादव, बोले- देशभर में पहुंचेगी इस खेल की पहचान

Suryakumar Yadav: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को प्रो गोविंदा लीग (PGL) के सीजन-4 का आधिकारिक ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है. प्रोफेशनल ह्यूमन-पिरामिड प्रतियोगिता की यह लीग अपने चौथे सीजन में प्रवेश करने जा रही है. सीजन-4 का आयोजन 25 से 27 अगस्त 2026 तक मुंबई में किया जाएगा.
PGL ने बताया क्यों चुना SKY को
प्रो गोविंदा लीग पारंपरिक गोविंदा खेल को प्रोफेशनल प्रतियोगिता का रूप देने की कोशिश है. इसमें खिलाड़ी मानव पिरामिड बनाने की अपनी ताकत, संतुलन, तालमेल और कौशल का प्रदर्शन करते हैं. इस बार सूर्यकुमार यादव के जुड़ने से लीग को देशभर में नई पहचान मिलने की उम्मीद है. लीग के अध्यक्ष पूर्वेश सरनाइक ने सूर्यकुमार यादव को ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने पर कहा कि PGL का उद्देश्य पारंपरिक खेल की सांस्कृतिक विरासत को बनाए रखते हुए उसे प्रोफेशनल पहचान देना है.
उन्होंने कहा कि सूर्यकुमार यादव आत्मविश्वास, एथलेटिक क्षमता, परिस्थितियों के अनुसार ढलने और प्रतिस्पर्धी भावना का प्रतिनिधित्व करते हैं. ये सभी गुण गोविंदा लीग में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों के लिए भी महत्वपूर्ण हैं. उनके मुताबिक, SKY की मौजूदगी से लीग को नई पीढ़ी के खेल प्रशंसकों तक पहुंचने और महाराष्ट्र से बाहर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने में मदद मिलेगी.
'टीमवर्क और हिम्मत खेल की पहचान'
ब्रांड एंबेसडर बनने के बाद सूर्यकुमार यादव ने कहा कि खेल उनके लिए हमेशा टीमवर्क, साहस और सीमाओं को चुनौती देने का माध्यम रहा है. उन्होंने कहा कि मानव पिरामिड बनाने वाले खिलाड़ियों की ताकत, कौशल और आपसी तालमेल को देखकर उन्हें शीर्ष स्तर के किसी भी खेल के लिए जरूरी खूबियां नजर आती हैं.
सूर्यकुमार ने कहा कि वह PGL के सीजन-4 से जुड़कर उत्साहित हैं और इस परंपरा को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में योगदान देना चाहते हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि देशभर के लोग इन खिलाड़ियों की शानदार एथलेटिक क्षमता को देखेंगे और उसका जश्न मनाएंगे.
Also Read: एनफील्ड में दिखेगा नया डिफेंसिव चेहरा, लिवरपूल ने बार्सिलोना से रोनाल्ड अरौजो को किया साइन
7.5 मिलियन से ज्यादा पहुंचा दर्शकों का आंकड़ा
PGL के आधिकारिक बयान के मुताबिक, लीग की लोकप्रियता में लगातार इजाफा हुआ है. पहले सीजन में करीब 7 लाख दर्शकों तक पहुंचने वाली लीग के तीसरे सीजन में 2025 के दौरान यह आंकड़ा बढ़कर 75 लाख से अधिक हो गया.
मुंबई में होगा सीजन-4
प्रो गोविंदा लीग का चौथा सीजन मुंबई के द डोम, एसवीपी स्टेडियम, वर्ली में आयोजित किया जाएगा. 25 से 27 अगस्त तक चलने वाली प्रतियोगिता में विभिन्न टीमें तीन दिनों तक ह्यूमन-पिरामिड इवेंट्स में हिस्सा लेंगी. सूर्यकुमार यादव के जुड़ने के साथ आयोजकों को उम्मीद है कि इस पारंपरिक खेल को देशभर में नई पहचान मिलेगी.
Also Read: ILT20 में खेलते दिखेंगे डेविड मिलर और हेनरिक क्लासेन, तीन साल के बाद स्टोइनिस की भी वापसी