Tuesday, 11 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

कोरबा के व्यापारी पर POCSO एक्ट में FIR:16 वर्षीय किशोरी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया केस, पुलिस जांच में जुटी

INT News11 August 2026 at 05:57 pm

कोरबा शहर के व्यापारी चेतन दास चौधरी के खिलाफ एक नाबालिग किशोरी की शिकायत पर POCSO एक्ट और BNS की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। 16 वर्षीय किशोरी ने कोतवाली थाने पहुंचकर व्यापारी पर उसके साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, किशोरी ने थाने में शिकायत देकर घटना की जानकारी दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने देर शाम आरोपी चेतन दास चौधरी के खिलाफ अपराध दर्ज किया। कोरबा CSP प्रतीक चतुर्वेदी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नाबालिग की शिकायत पर POCSO एक्ट और BNS की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी से पूछताछ की तैयारी FIR दर्ज होने के बाद पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों को जुटा रही है। जानकारी के अनुसार, आरोपी व्यापारी से पूछताछ की तैयारी की जा रही है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों और बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच की जा रही है। साथ ही नाबालिग पीड़िता और उसके परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है।