समाचार · मध्य प्रदेश
बुरहानपुर में बड़वानी का हथियार तस्कर गिरफ्तार:13 पिस्टल, 45 कारतूस और बाइक जब्त, दो दिन की पुलिस रिमांड पर गया आरोपी
बुरहानपुर जिले की खकनार पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी बड़वानी जिले के ओझर नागलवाड़ी से अवैध हथियार खरीदने आया था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने साईंबाबा स्कूल के पीछे दबिश देकर आरोपी को पकड़ा। उसके पास से हाथ से बनी 13 देसी पिस्टल, एक खाली मैगजीन, 45 जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 4.72 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे दो दिन की रिमांड पर लिया है। पेड़ के नीचे हथियार लेकर बैठा था आरोपी मंगलवार दोपहर 3 बजे आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एएसपी प्रदीप शेंडे ने कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खकनार थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि साईंबाबा स्कूल के पीछे एक पेड़ के नीचे एक व्यक्ति अवैध हथियारों के साथ बैठा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की पहचान शक्ति सिंह पिता बादल सिंह पटवा के रूप में की है। तलाशी के दौरान उसके पास से 13 हाथ से बनी देसी पिस्टल, एक खाली मैगजीन, 45 जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल मिली। 4.72 लाख रुपए का सामान जब्त पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से बरामद हथियार, कारतूस और अन्य सामान की कुल कीमत करीब 4.72 लाख रुपए है। इतनी संख्या में हथियार और खासतौर पर 45 जिंदा कारतूस मिलने के बाद पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसे दो दिन की रिमांड पर लिया है, ताकि हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। हथियार कहां से खरीदे, इसकी जांच एएसपी प्रदीप शेंडे ने बताया कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी ने ये हथियार कहां से खरीदे थे और इन्हें आगे कहां पहुंचाना था। पूछताछ के जरिए अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े दूसरे लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी अकेले हथियारों की तस्करी कर रहा था या उसके साथ कोई और लोग भी जुड़े हुए हैं। एक आरोपी से 45 कारतूस मिलने से बढ़ी चुनौती पुलिस के लिए इस कार्रवाई में एक आरोपी के पास से 45 जिंदा कारतूस मिलना खास बात है। पुलिस के अनुसार, आमतौर पर कार्रवाई के दौरान इतनी बड़ी संख्या में कारतूस बरामद नहीं होते हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में कारतूस मिलने के बाद हथियारों की सप्लाई और उनके संभावित इस्तेमाल को लेकर भी जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपी के कुछ रिश्तेदार खकनार क्षेत्र के पाचौरी और आसपास के इलाकों में रहते हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपी इन्हीं रिश्तेदारों के माध्यम से क्षेत्र में संपर्क बनाकर अवैध हथियार खरीदने या उनकी सप्लाई करने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस पूछताछ और जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी। एक साल में 12 मामले दर्ज टीआई अभिषेक जाधव ने बताया कि खकनार थाना पुलिस ने पिछले एक साल में अवैध हथियारों की तस्करी और निर्माण के खिलाफ 12 मामले दर्ज किए हैं। इन मामलों में पुलिस ने कुल 47 हाथ से बनी देसी पिस्टल, 6 मैगजीन और 45 जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध हथियारों की तस्करी और निर्माण पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई भी की गई है। पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह राजपूत, सहायक उपनिरीक्षक पवन देशमुख सहित खकनार थाना पुलिस के कई कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर अवैध हथियारों की खरीद, सप्लाई और संभावित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।