समाचार · मध्य प्रदेश
सीधी में पशु चोरी गिरोह का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार:पिकअप से लेकर जाते थे मवेशी, 7 मवेशी भी बरामद
सीधी पुलिस ने मवेशी चोरी के एक गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी के 7 मवेशी और घटना में इस्तेमाल पिकअप वाहन समेत करीब 8.40 लाख रुपए का सामान जब्त किया है। आरोपियों ने सीधी थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से मवेशी चोरी करना कबूल किया है। इस मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक, इस साल सीधी थाना क्षेत्र में लगातार मवेशी चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। मवेशी मालिकों के घर और बाहर बंधे पशु चोरी होने के बाद पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम हड़वा, थाना रामनगर, जिला मैहर निवासी छोटे उर्फ छोटू खान उर्फ मूक मोहम्मद (35) और संजय कुमार गुप्ता उर्फ चिंटू (22) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने ग्राम पौड़ी से 2 पड़वा और ग्राम शारदपुर से 1 पड़वा व 1 भैंस चोरी करना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि चोरी किए गए मवेशियों को पिकअप में लोड कर बेचने के लिए ले जाया जाता था। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी के मवेशी बरामद किए। इसके अलावा, आरोपियों ने ग्राम डोमार से चोरी किए गए 3 पड़वा जंगल में बांधकर रखने की जानकारी दी। पुलिस ने इन्हें भी बरामद कर लिया। पुलिस ने मवेशियों की बिक्री से मिली राशि में से 5,500 और 4,500 रुपए नकद, साथ ही घटना में इस्तेमाल पिकअप वाहन भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए कुल सामान की कीमत करीब 8.40 लाख रुपए है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय जयसिंहनगर में पेश किया गया। इस मामले में मोन खान और विक्रम खान, दोनों निवासी पौड़ी, अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। यह कार्रवाई एसपी के निर्देश पर एएसपी और एसडीओपी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सीधी निरीक्षक सेवेंद्र राम भगत के नेतृत्व में की गई। टीम में सउनि गुलाब सिंह, सउनि दयाराम दुबे, सउनि अमेरका दास सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।