समाचार · छत्तीसगढ़
नशीली कफ सिरप बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार:बलरामपुर पुलिस पूछताछ में सप्लायर तक पहुंची,सप्लायर भी न्यायिक रिमांड पर भेजा
बलरामपुर-रामानुजगंज के कुसमी पुलिस ने नशीली कफ सिरप की बिक्री के मामले में कार्रवाई करते हुए झारखंड से एक कथित सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से 13 शीशी नशीली कफ सिरप बरामद हुई थी। उससे हुई पूछताछ और जांच में सप्लायर के रूप में दामोदर प्रसाद (59) का नाम सामने आया, जिसे झारखंड के लातेहार जिले से गिरफ्तार किया गया है। कुसमी में 13 शीशी सिरप के साथ पकड़ा गया था आसिफ पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि आसिफ अन्सारी उर्फ बबलू नशीली कफ सिरप बेचने के लिए घूम रहा है। इसके बाद कुसमी के एकलव्य स्कूल के सामने मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास विंग्स कंपनी की कोडाइन फॉस्फेट और ट्राईप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड युक्त ONEREX सिरप की 13 शीशियां मिलीं। प्रत्येक शीशी 100 ML की थी। इस तरह कुल 1,300 ML सिरप बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 2,619.50 रुपए बताई गई है। आसिफ सिरप से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसके खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21(C) के तहत कार्रवाई कर उसे जेल भेज दिया गया। मोबाइल संपर्क से सामने आया सप्लायर का नाम आसिफ से पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस को नशीली कफ सिरप के कथित सप्लायर दामोदर प्रसाद के बारे में जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, मोबाइल के जरिए दोनों के बीच संपर्क था और दामोदर ने कफ सिरप उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की। झारखंड के लातेहार से गिरफ्तार पुलिस ने दामोदर प्रसाद के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महुआडाड़ के बस स्टैंड रोड का रहने वाला है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब नशीली कफ सिरप की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।