समाचार · मध्य प्रदेश
दाल-बाजार में तेल कारोबारी की दुकान में चोरी का प्रयास:हथौड़े से तिजोरी तोड़ने की कोशिश; 8 दिन पहले इसी दुकान में हुई थी चोरी
ग्वालियर के व्यस्ततम व्यापारिक क्षेत्र दाल बाजार में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात तेल कारोबारी की दुकान में चोरी का प्रयास किया गया। चोर लकड़ी का फट्टा उखाड़कर दुकान में घुसा और हथौड़े से लोहे की तिजोरी तोड़ने की कोशिश की। उसने तिजोरी का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त कर दिया, लेकिन मजबूत लॉक नहीं तोड़ सका। सुबह होने पर वह मौके से भाग गया। इससे तिजोरी में रखे लाखों रुपए चोरी होने से बच गए। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के बाद अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आसपास की दुकानों और सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। खास बात यह है कि आठ दिन पहले भी इसी दुकान में चोरी हो चुकी है। सुबह दुकान पहुंचे कारोबारी, टूटा मिला गेट हरिशंकर पुरम निवासी वीरेंद्र आनंद (63) की दाल बाजार में 'वीरेंद्र ट्रेडर्स' नाम से एडिबल ऑयल की फर्म है। उन्होंने पुलिस को बताया कि 5 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार सुबह करीब 10:30 बजे दुकान पहुंचे तो मुख्य गेट का लकड़ी का फट्टा नीचे से उखड़ा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो लोहे की तिजोरी क्षतिग्रस्त थी और पास में हथौड़ी पड़ी थी। तिजोरी खोलने पर उसका अंदरूनी लॉकर सुरक्षित मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। आठ दिन पहले भी हुई थी चोरी वीरेंद्र आनंद ने बताया कि उनकी दुकान में यह लगातार दूसरी वारदात है। आठ दिन पहले भी चोरों ने दुकान के ताले तोड़कर नकदी चोरी की थी। उस मामले में पुलिस अब तक चोरों का पता नहीं लगा सकी है। लगातार हो रही वारदातों से परेशान कारोबारी अब लकड़ी के गेट की जगह मजबूत लोहे का गेट लगवाने की तैयारी कर रहे हैं। घटना के बाद आसपास के व्यापारी भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंतित हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही कोतवाली थाना पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है। कोतवाली थाना प्रभारी विनोद विनायक करकरे ने बताया कि दुकान में घुसकर चोरी का प्रयास किया गया था। तिजोरी का लॉक मजबूत होने के कारण चोरी नहीं हो सकी। फरियादी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।